'गोल्डन बाबा' का काफिला देख हर कोई हैरान, मंत्री के पास भी नहीं होते इतने सुरक्षाकर्मी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
करीब 17 किलो सोने के आभूषणों से लदे गोल्डन बाबा (सुधीर कुमार) इस बार 25वीं कांवड़ यात्रा कर रहे हैं। खास बात यह है कि उनकी सिक्योरिटी इतनी हाई है कि आप भी जानकर हैरान रह जाएंगे। जी हां, ऐसी सिक्योरिटी तो यूपी के किसी मंत्री की भी नहीं देखी होगी। आगे जानिए पूरा अपडेट।
दिल्ली हाईवे से रविवार दोपहर को निकली गोल्डन बाबा की कांवड़ यात्रा को देखने के लिए लोगों का मजमा लग गया। ऐसा होना भी स्वाभाविक था, क्योंकि करीब 17 किलो सोने के आभूषणों से लदे बाबा के साथ करीब 300 लोगों का काफिला था। इतना ही नहीं उनके काफिले में ऑडी से लेकर ट्रक तक 23 वाहन और हाईटेक रसोई वाहन शामिल था। इस दौरान बाबा की सुरक्षा में 30 निजी सुरक्षाकर्मियों के साथ आठ बाउंसर और दो गनर भी थे। वह इस बार अपनी कावंड यात्रा की सिल्वर जुबली पूरी कर रहे हैं।
दिल्ली के शाहदरा निवासी गोल्डन बाबा रेडीमेड गारमेंट्स के व्यापारी हैं। उन्होंने बताया कि यह उनकी 25वीं कांवड़ है और इस बार 17 किलो सोना पहन रखा है। पिछले साल करीब 15 किलो सोना पहना था। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा के साथ-साथ अब वह हरिद्वार के जूना अखाड़ा से भी जुड़े हैं। इस दौरान सिवाया टोल प्लाजा पर टोल के सुरक्षाधिकारी मनिंदर विहान ने बुके देकर उनका स्वागत किया।
ये है हाईटेक कांवड़
बाबा ने बताया कि उनके काफिले में रसोई स्टाफ से लेकर बरसात में रुकने के लिए अत्याधुनिक तकनीक से बने तंबू हैं। चिकित्सा के लिए खुद की एंबुलेंस भी काफिले में है। उन्होंने बताया कि पहली यात्रा में पांच किलो सोने के आभूषण और दो दर्जन साथी थे। हर कांवड़ यात्रा में वह दिल्ली और हरिद्वार में कांवड़ियों की सेवा के लिए भंडारा लगाते हैं।
बाबा के काफिले में वाहन
एक ऑडी, दो स्कार्पियो, दो इनोवा, दो क्वालिस, दो फार्चूनर, तीन बड़े ट्रक, पांच टेंपो, एक एंबुलेंस, चार छोटा हाथी। इसके साथ कांवड़ में राम मंदिर का मॉडल भी शामिल किया गया है।
बेकाबू हुई भीड़, सुरक्षा कड़ी
इस दौरान हाईवे पर गोल्डन बाबा की सुरक्षा कड़ी रही। उन्हें देखने और उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए भीड़ बेकाबू रही। भारी भीड़ के बीच गोल्डन बाबा को मोदीपुरम, दौराला पुलिस ने सुरक्षा घेरे के बीच में निकाला। अपनी फार्चूनर गाड़ी पर चढ़कर बाबा डांस करते हुए भक्तों का अभिवादन कर रहे थे।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/