यूपी: ट्रक और स्कॉर्पियो की भीषण टक्कर, हादसे में 9 लोगों की मौत, तीन घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शामली के झिंझाना क्षेत्र में मेरठ-करनाल हाइवे पर मंगलवार की सुबह श्रद्धालुओं से भरी स्कार्पियो डिवाइडर पार करके ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि स्कार्पियो सवार 12 श्रद्धालुओं में से पांच की घटनास्थल पर मौत हो गई, जबकि दो ने झिंझाना स्थित अस्पताल पहुंचने पर दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर हालत के चलते मेरठ रेफर किए गए पांच लोगों में से दो लोगों की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे में मरे श्रद्धालु दो परिवारों के सदस्य मेरठ के फाजलपुर और पल्लवपुरम के निवासी हैं।
मेरठ के पल्लवपुरम निवासी राजेंद्र पुत्र रमेश और कंकरखेड़ा के अनूपनगर फाजलपुर निवासी उसके दोस्त जयकिशन पुत्र रतन सिंह के परिवार के सदस्य छह अप्रैल को स्कार्पियो से जम्मू में माता वैष्णो देवी मंदिर के दर्शन करने गए थे। स्कार्पियों को जयकिशन चला रहा था। दोनों परिवार के सदस्य स्कार्पियो से हरियाणा के करनाल रास्ते होते हुए मेरठ लौट रहे थे। मंगलवार की सुबह करीब 5.55 बजे मेरठ-करनाल हाइवे पर झिंझाना थाना क्षेत्र में गांव लक्ष्मणपुरा के पास स्कार्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर सामने से आ रहे स्क्रैप से लदे ट्रक से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि स्कार्पियो के परखचे उड़ गए और ट्रक भी पलट गया। हादसे की सूचना मिलने पर झिंझाना थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को घटनास्थल पर ही पांच लोग मृत मिले। पुलिस ने स्कार्पियो में फंसे अन्य घायलों को बाहर निकलवाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर दो और लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोगों को गंभीर हालत के चलते मेरठ रेफर कर दिया गया। मेरठ स्थित अस्पताल में उपचार के दौरान दो और लोगों की मौत हो गई।
पढ़ें : दर्दनाक हादसा: दूल्हा बनने जा रहे युवक सहित 2 की मौत, परिवार में मचा कोहराम
मृतकों में मेरठ के पल्लवपुरम फेज टू निवासी प्रेमवती (60) पत्नी रमेश, संगीता (28) पत्नी राजेंद्र, हनी (3) पुत्र राजेंद्र, कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के अनूपनगर फाजलपुर निवासी जयकिशन (47) पुत्र रतन सिंह, जयदेव (44) पुत्र रतन सिंह, निधि (40) पत्नी जयदेव, आकाश (22) पुत्र जयदेव, जनरठ निवासी नीतू (42) पत्नी जयकिशन और शोभापुर निवासी सावित्री (65) पत्नी बलवंत सिंह शामिल हैं। घायल राजेंद्र पुत्र रमेश, अपर्णा पुत्री रतन सिंह और ओम पुत्र जयकिशन मेरठ स्थित अस्पताल में भर्ती हैं। हादसे में पंजाब के होशियारपुर निवासी ट्रक चालक योगराज भी घायल हो गया। उसको प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। झिंझाना थाना प्रभारी संदीप बालियान ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। शव परिजनों के सुपुर्द करा दिए गए हैं। पुलिस के मुताबिक चालक को नींद की झपकी लगने के कारण हादसा हुआ।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/