ISIS से जुड़े आरोपी नईम के परिजनों को सता रहा NIA का डर, छोड़ा घर
इसी के चलते वीडियो वायरल होते ही परिवार के अन्य पुरूष भी शनिवार को घर छोड़ गए। बताया गया है कि नईम के परिवार के सदस्य अपने रिश्तेदारों के संपर्क में हैं। जिससे उन्हें परेशान न किया जा सके।
आईएसआईएस के नए मॉड्यूल से संपर्क रखने के आरोप में एनआइए ने किठौर थाना क्षेत्र के राधना में नईम के घर दबिश दी थी। इस दौरान एटीएस के अलावा एसपी देहात राजेश कुमार खुद फोर्स के साथ दबिश में शामिल थे। लेकिन संदिग्ध नईम इससे पहले ही भाग खड़ा हुआ था। आतंकी गतिविधियों से मामला जुड़ा होने के बाद बाद रार्धना गांव में दहशत का माहौल है।
शनिवार को एक वीडियो वायरल कर नईम ने खुद को बेकसूर बताया था, लेकिन इसे बाद एकाएक नईम के घर के अन्य पुरूष भी घर से चले गये। घर में सिर्फ महिलाएं व बच्चे रह गए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि परिजनों को डर है कि पुलिस या एनआइए कभी भी दबिश देकर घर के पुरूषों को हिरासत में ले सकती है। वहीं, नईम के नजदीकी लोगों का कहना है कि नईम व उसके परिवार के लोग अपने परिचितों के संपर्क में हैं, डर है कि उन्हें गिरफ्तार न कर लिया जाए।
वीडियो वायरल कराने वाले रडार पर
नईम की धरपकड़ को लेकर नरमी बरत रही एनआइए फिर से सक्रिय हो गई है। नईम को लेकर जल्द ही एनआइए का कोई पत्र पुलिस अधिकारियों को मिल सकता है। वहीं, बताया जा रहा है कि नईम की वीडियो बनाकर उसे वायरल करने वाले लोग भी रडार पर हैं।
नईम के खिलाफ पुख्ता सबूत हैं तो उसे बेकसूर साबित करने वालों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ सकती है। एसपी देहात राजेश कुमार का कहना है कि यदि वीडियो का मामला है तो जांच कराई जाएगी।