पत्नी की हत्या: जान बचाने की गुहार लगाती रही कविता, नहीं पसीजा पति का दिल; शव से लिपटकर रोते रहे मासूम
मेरठ के अब्दुल्लापुर में पत्नी कविता की हत्या के मामले में पति मनीष गिरफ्तार है। मायके पक्ष ने दहेज उत्पीड़न और हत्या के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस अन्य नामजद लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
विस्तार
मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र के अब्दुल्लापुर में सोमवार को पत्नी कविता की हत्या के बाद आरोपी पति मनीष खून से सने कपड़ों में बाइक से थाने पहुंचा था। अब इस दौरान का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। कविता के मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि मनीष ने चाकू और तेजधार हथियार से हमला कर उसकी हत्या की।
पुलिस ने आरोपी पति व उसके माता, पिता को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को तीनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। वहीं, दहेज हत्या में नामजद मनीष के जीजा महेंद्र, बहन अंजू, पिता बाबूराम और मां विमला की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
खून से सने कपड़ों में बाइक से थाने पहुंचा
कविता की हत्या के बाद आरोपी मनीष के थाने पहुंचने का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज में वह खून से सने कपड़ों में बाइक से थाने की ओर जाता दिखाई दे रहा है। परिजनों का आरोप है कि वारदात को अंजाम देने के बाद उसने थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।
मायके पक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि थाने जाने से पहले मनीष बाइक पर मोबाइल फोन से किसी से बात कर रहा था। परिजनों का दावा है कि वह अपने जीजा या बहन से बात कर रहा था। इसकी पुष्टि पुलिस जांच में होनी है।
दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप
गढ़ रोड स्थित जयभीमनगर निवासी कविता के पिता बृजपाल ने भावनपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें बताया गया है कि कविता का विवाह आठ जुलाई 2022 को मनीष के साथ हुआ था।
आरोप है कि शादी के बाद से ही मनीष अतिरिक्त दहेज में दो लाख रुपये और घरेलू सामान की मांग करता था और कविता को प्रताड़ित करता था। परिजनों के अनुसार, इस संबंध में वर्ष 2023 में भी प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इसके बाद मनीष के जीजा महेंद्र और बहन अंजू ने अपनी जिम्मेदारी लेते हुए समझौता कराया था। आरोप है कि इसके बावजूद कविता के साथ उत्पीड़न जारी रहा।
परिजनों ने चाकू से कई वार करने का लगाया आरोप
कविता के परिजनों का आरोप है कि सोमवार को मनीष ने अपने माता-पिता, बहन और जीजा के कहने पर उसकी हत्या की। परिजनों के मुताबिक, कविता पर चाकू से 12 से अधिक वार किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि दम तोड़ने के बाद भी उस पर चाकू से वार किए जाते रहे और गर्दन पर तेजधार हथियार से हमला किया गया। इन आरोपों की जांच पुलिस कर रही है।
दो मासूम बच्चों के सामने हुई वारदात
परिजनों के अनुसार, वारदात के दौरान कविता के दो बच्चे भी वहां मौजूद थे। उसका दो वर्षीय दिव्यांग बेटा अभिषेक उर्फ उमंग और 11 माह की बेटी माधवी उर्फ सोना अब अपने ननिहाल में हैं। कविता के परिजन दोनों बच्चों को संभाल रहे हैं। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हुए हंगामे के दौरान भी परिजन बच्चों को गोद में लिए नजर आए। मंगलवार शाम पोस्टमार्टम के बाद कविता का अंतिम संस्कार किया गया।
कविता के पिता बृजपाल ने सदर तहसील के एसडीएम को प्रार्थना पत्र दिया है। इसमें उन्होंने कविता के दोनों बच्चों के बालिग होने तक मकान की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि ऐसी विधिक कार्रवाई की जाए, जिससे बच्चों के बालिग होने तक मकान की बिक्री न हो सके।
अन्य नामजद लोगों की भूमिका की जांच
एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि मामले में दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है और आरोपी मनीष को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य नामजद लोगों की वारदात में भूमिका की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में संलिप्तता मिलने पर संबंधित लोगों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।