UP: पिता के लाड़-मां की ममता पर भी न खाया तरस, इकलौते बेटे ने इस कदर की हैवानियत, दंपती के शव देख सिहर उठे लोग
मेरठ के शास्त्रीनगर में हुई दंपती हत्या के मामले में सनसनीखेज खुलासे से हर कोई स्तब्ध रह गया। दंपती की हत्या करने वाला कोई और नहीं बल्कि उनका ही इकलौता बेटा था। आगे जानें आखिर कैसे बेहरहमी से बेटे ने ही दोनों को दी खौफनाक मौत।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ के शास्त्रीनगर सेक्टर छह में सोमवार रात प्रमोद कर्णवाल और उनकी पत्नी की जिस दरिंदगी से हत्या हुई, उसे देखकर हर कोई सिहर गया था। कोई सोच भी नहीं सकता था कि इस हैवानियत को परिवार के इकलौते बेटे आर्यन ने अंजाम दिया है। जिसे पाला पोसा, पढ़ा लिखाकर काबिल बनाया वह इस कदर हैवानियत के साथ उनकी जान ले लेगा यह सोचकर और शवों की हालत देख हर किसी का कलेजा मुंह को आ रहा था।
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण के मुताबिक आर्यन के पिता उसकी मां के साथ शराब पीकर मारपीट करते थे। दो दिन पहले पड़ोस में रहने वाले एक शिक्षक से भी प्रमोद की कहासुनी हो गई थी। इसके बाद उसने घर आकर पत्नी की पिटाई कर दी थी। इसके बाद आर्यन रात को 11:19 मिनट पर वह दोस्त आदित्य वशिष्ठ के साथ चाकू लेकर स्कूटी से घर पहुंचा। मोबाइल से पिता को फोन कर गेट खुलवाया।
आदित्य ने छुए पिता के पैर
प्रमोद नीचे गेट खोलने आए तो आदित्य ने उनके पैर छुए। इसके बाद दोनों ऊपर चले गए। कुछ देर तक दोनों बैठे रहे, इसके बाद जब लगा कि प्रमोद लेट गए हैं दोनों ने उनका गला काट डाला। चीख सुनकर मां की आंख खुल गई। वो चीखीं तो आदित्य ने उनका मुंह भींच लिया। आर्यन से कहा कि अब इनको भी मारना पड़ेगा। अगर इन्हें छोड़ दिया तो पकड़े जाएंगे। इसके बाद आर्यन ने आदित्य के साथ मिलकर मां को भी मार डाला।
यह भी पढ़ें: Meerut News Live: धूल के गुबार से सांस लेना दुश्वार, कल तक राहत नहीं, किठौर में विवाहिता ने की आत्महत्या
बैग में लाए कपड़े बदलकर आए नीचे
इसके बाद दोनों ने खून से सने अपने कपड़े बदले। चाकू और खून लगे कपड़ों को बैग में रखकर टायलेट में हाथ धोए। खूनी खेल खेलने के सवा दो घंटे बाद दोनों नीचे आए और स्कूटी लेकर चले गए। यहां से दोनों स्कूटी से सुबह चार बजे गुरुग्राम चले गए।
फूफा ने कराई हत्या की रिपोर्ट दर्ज
सीओ सिविल लाइन अरविंद कुमार चौरसिया ने बताया कि आर्यन की बुआ सीमा शिक्षिका हैं। उनके पति संजय त्यागी मेडिकल थाना क्षेत्र में रहते हैं। देर रात संजय त्यागी की तरफ से नौचंदी थाने में आर्यन और उसके दोस्त आदित्य वशिष्ठ निवासी गांधी आश्रम के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
खून से सने कपड़े स्कूटी से बरामद
एसपी सिटी पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि आर्यन की स्कूटी से उसके और आदित्य के खून से सने कपड़े बरामद हो गए हैं। चाकू बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। रात को जब आर्यन आदित्य के साथ घर आया तो उसने 12 सेकेंड तक पिता से फोन पर बात की। इसकी सीडीआर मिल गई है। दोनों हत्यारोपियों से पूछताछ की जा रही है। आज प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
खून के धब्बे बयां कर रहे थे हैवानियत
प्रमोद कर्णवाल और उनकी पत्नी ममता के गले काटने के बाद पेट, सीने और पीठ पर भी धारदार हथियार से वार किए गए। दोनों के शव एक साथ बेड पर पड़े थे। पूरे कमरे में खून फैला हुआ था।
दीवारों पर लगे खून के धब्बे इस बात की गवाही दे रहे थे कि दोनों को कितनी हैवानियत से मारा गया है। रात को मोहल्ले में जब लोगों को पता चला कि हत्यारा कोई और नहीं बल्कि बेटा आर्यन ही है तो सबकी रूह कांप गई। हर कोई यही कह रहा था कि बेटा ऐसा भी कर सकता है, ये सोच भी नहीं सकते थे।