फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

Meerut News Live: बैंक फील्ड ऑफिसर की मौत, धन सिंह कोतवाल पुलिस प्रशिक्षण केंद्र के हॉस्टल में चोरी

Wed, 17 May 2023 09:26 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ Published by: Dimple Sirohi Updated Wed, 17 May 2023 09:26 PM IST
खास बातें

मेरठ और आसपास के जिलों में धूल का गुबार लोगों का सांस लेना दुश्वार कर रहा है। लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में काफी परेशानी हो रही है। वहीं किठौर में आज सुबह एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पढ़ें आज की ताजा खबरें।

विज्ञापन
Meerut News Live: Difficult to breathe due to dust, married woman commits suicide in Kithore
मेरठ पुलिस - फोटो : अमर उजाला

लाइव अपडेट

09:12 PM, 17-May-2023
घर की छत से गिरकर बैंक फील्ड ऑफिसर की मौत

मेरठ के पल्लवपुरम फेज दो की उदय सिटी कॉलोनी में एक मकान की छत से गिरने से बैंक फील्ड ऑफिसर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, परिजन पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार करने के लिए शव को मोदीनगर ले गए। 

कुलंवत सिंह दौराला फैक्टरी से सेवानिवृत्त के बाद मोदीनगर में रहते है। जबकि उनका बेटा देवेंद्र (39) अपनी पत्नी शिखा और बेटी क्रिचयन कौर, बेटे अमरजीत कौर के साथ पल्लवपुरम फेज दो की उदय सिटी कॉलोनी मकान संख्या बी 58 में रहते थे। देवेंद्र सिंह मोदीपुरम के एक्सिस बैंक में फील्ड ऑफिसर का काम देखते थे। मंगलवार की शाम को बैंक से आने के बाद वह रात में अपने घर की छत पर चले गए। वहां से अचानक वह गिर गए। गिरने के बाद उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। 

इसके बाद पत्नी पड़ोसियों की मदद से पति को मोदीपुरम के एक निजी अस्पताल में लेकर गई, लेकिन वहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। थाना प्रभारी राजपाल सिंह का कहना है कि देवेंद्र सिंह अपने घर की छत पर थे, वहां से गिरने के बाद घायल हो गए। अस्प्ताल में दम तोड़ दिया, पुलिस ने मृतक का पंचनामा भरकर शव मोर्चरी के लिए भेज दिया। पीएम करने के बाद मृतक के पिता बेटे के शव को अपने साथ मोदीनगर ले गए और वहां पर ही अंतिम संस्कार किया गया। 

सिर में थी गहरी चोट, चार घंटे वेंटिलेटर पर रहे 
अस्पताल के मैनेजर संजय नायक ने बताया कि देवेंद्र सिंह के सिर में गंभीर चोट लगी थी, गिरने के बाद काफी ब्लड निकल गया था। गंभीर हालत में वेंटिलेटर लगाया गया, करीब चार घंटे तक वेंटिलेटर पर रहे और उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। 

पत्नी का रो-रोकर बुराहाल 
देवेंद्र की मौत के बाद उसकी पत्नी शिखा और दोनों बच्चों का भी रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की सूचना मिलते ही पिता मोदीनगर से मोदीपुरम पहुंच गए थे। पिता का भी रो-रोकर बुरा हाल था। बेटे की अचानक मौत से परिवार के लोग स्तब्ध है। बच्चे भी अपने पिता को बार-बार याद करके रो रहे थे। वहीं, कॉलेानी में भी शोक का माहौल है।
09:00 PM, 17-May-2023
सोशल मीडिया पर अस्पताल के खिलाफ किया गलत पोस्ट, वायरल

मेरठ के कंकरखेड़ा में एक सिरफिरे ने नामी अस्पताल के खिलाफ सोशल मीडिया पर गलत टिप्पणी कर दी। यही नहीं युवक ने चिकित्सकों को सोशल मीडिया पर अस्पताल बंद कराने की धमकी दे डाली। इसके बाद चिकित्सक ने थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बुधवार को क्षेत्र के एक जाने-माने अस्पताल के बारे में जैसे ही सोशल मीडिया पर रोहटा रोड के एक युवक ने अमर्यादित पोस्ट वायरल की तो क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सिरफिरे युवक ने अस्पताल प्रबंधन पर फिल्म लाल सिंह चड्ढा का विरोध और द केरला स्टोरी के प्रमोशन का आरोप लगाते हुए कहा कि उक्त अस्पताल में एक समुदाय के लोगों का इलाज ठीक प्रकार से नहीं किया जाता। इसको लेकर चिकित्सक ने थाने पर आरोपी के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को भड़काने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा। वहीं, दोनों पक्षों में समझौते का प्रयास चल रहा है।
विज्ञापन
08:31 PM, 17-May-2023
खड़े ट्रक से टकराया टेंपो, चालक की मौत, साथी गंभीर

सहारनपुर के रामपुर मनिहारान में कस्बे के नानौता रोड पर देर रात सड़क किनारे खड़े ट्रक से टेंपो टकराने पर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मंगलवार की देर रात नानौता निवासी ताहिर 50 पुत्र रमजानी और शबुराव पुत्र महबूब टेंपों में सवार होकर सहारनपुर से नानौता जा रहे थे। जैसे ही वह रामपुर मनिहारान चुंगी के पास पहुंचे तो सड़क के एक ओर खड़े ट्रक से उनका टेंपो टकरा गया। दुर्घटना में चालक ताहिर की मौके पर मौत हो गई, जबकि शबुराव को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिये भिजवाया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि देर रात चुंगी के पास खड़े ट्रक से टेंपों की टक्कर में चालक की मौत हुई है। अभी तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
07:57 PM, 17-May-2023
ट्रैक्टर के नीचे दबकर किसान की मौत
बिजनौर जनपद में बढ़ापुर क्षेत्र के ग्राम शाहलीपुर कोटरा उर्फ गांवड़ी निवासी एक किसान की ट्रैक्टर के नीचे दबने से मौत हो गई। 
   
थाना क्षेत्र के ग्राम शाहलीपुर कोटरा उर्फ गांवड़ी निवासी महबूब खो नदी के पास स्थित खेत पर ट्रैक्टर से खेत जुताई करने गया था। वापस घर आते समय जैसे ही उसने खो नदी के कच्चे रास्ते से ट्रैक्टर को पुल पर चढ़ाने का प्रयास किया तो ट्रैक्टर पलट गया और महबूब ट्रैक्टर के नीचे दब गया। महबूब की चीख पुकार सुनकर पास में खेतों पर मौजूद किसान मौके पर पहुंचे और घायल महबूब को जैसे तैसे ट्रैक्टर के नीचे से निकाला। ग्रामीण घायल को उपचार के लिए एक निजी चिकित्सक के यहां ले गए, जहां चिकित्सक ने महबूब (50) को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने किसी प्रकार की कार्रवाई से इंकार कर दिया।
07:26 PM, 17-May-2023
धन सिंह कोतवाल गुर्जर पुलिस प्रशिक्षण केंद्र के हॉस्टल में चोरी

मेरठ में बिजली बंबा चौकी क्षेत्र के धन सिंह कोतवाल गुर्जर पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में हॉस्टल से 15 प्रशिक्षुओं का सामान चोरी हो गया। जिसमें 1,41,200 की नगदी, सोने-चांदी के जेवर, पांच एंड्राइड फोन सहित अन्य सामान चोरी हो गया। इस मामले में हॉस्टल की वार्डन ने थाना पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
07:03 PM, 17-May-2023
पूर्व राज्यमंत्री समेत 18 लोग दोषमुक्त, कोरोना काल के दौरान दर्ज हुई थी रिपोर्ट

बिजनौर में एमपी एमएलए कोर्ट के विशेष न्यायाधीश अभिनव यादव ने विगत विधानसभा चुनाव में कोरोना काल में बिना इजाजत लिए जूलुस निकालने एवं कोविड नियमों का पालन नहीं करने के आरोपों से पूर्व राज्यमंत्री मूलचंद्र चौहान सहित 18 लोगों को पर्याप्त साक्ष्य नहीं होने पर दोषमुक्त कर दिया है। 

प्रभारी मजिस्ट्रेट धमेंद्र कुमार ने थाना धामपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 जनवरी 2022 को वह विधानसभा चुनाव के दौरान अपने साथी पुलिसकमियों और वीडियोग्राफर सुनील कुमार के साथ आरएसएम चौक की तरफ से स्योहारा रोड पर धामपुर चीनी मिल की तरफ जा रहे थे। जब वह शीला टाकिज चौराहे पर पहुंचे तो दोपहर डेढ़ बजे स्योहारा चुंगी तरफ से एक रैली के रूप में करीब 150 व्यक्तियों की भीड़ हाथों में बसपा पार्टी के झंडे लिए हुए जा रही थी। पूर्व मंत्री मूलचंद चौहान, नवीन चौहान, आशु सरदार, सुरेश चौधरी, मुदित गुप्ता, नासिर, रूपचंद उर्फ पप्पू आदि बिना अनुमति रैली निकालते पाए गए। ये लोग मास्क नहीं लगाए थे और कोरोना गाइडलाइन का पालन भी नहीं कर रहे थे। धारा 144 का उल्लघंन कर संक्रमण फैला रहे थे। उनको समझाने का प्रयास किया तो नहीं माने। इस मामले में अभियोजन पक्ष पर्याप्त साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर पाया। अदालत ने सबूतों के अभाव में सभी आरोपियों को बरी कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
06:12 PM, 17-May-2023
सड़क हादसे में चाचा की मौत, भतीजा घायल

सहारनपुर के देवबंद में रणखंडी मार्ग पर वाहन की टक्कर से बाइक सवार चाचा और भतीजे गंभीर रूप से घायल हो गया। जिन्हें उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने चाचा को मृत घोषित कर दिया। 

थाना बड़गांव के सिसौनी गांव निवासी प्रवीण कुमार ने बताया कि मंगलवार को बड़ा भाई गुल्लू भतीजे कुलदीप को बाइक पर साथ लेकर देवबंद चिकित्सक के यहां दवा लेने के लिए आया था। रात्रि करीब 10 बजे वह वापस लौट रहे थे। जब वे रणखंडी मार्ग पर रेलवे फाटक के समीप पहुंचे तो पीछे से आए वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें दोनों सड़क पर दूर जाकर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। 

वहीं, राहगीरों से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद गुल्लू को मृत घोषित कर दिया, जबकि कुलदीप को नाजुक हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि प्रवीण की तहरीर पर वाहन चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
04:52 PM, 17-May-2023
चीनी मांझे से बाइक सवार चिकित्सक घायल

चीनी मांझे से शहर में दुर्घटनाएं बढ़ रहीं हैं। नगर के एक चिकित्सक मांझे की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। मोहल्ला वाहिदनगर निवासी चिकित्सक डॉ. एसएम परवेज स्कूटर से जा रहे थे। अचानक चीनी मांझे की चपेट में आ गए। संयोग से मांझा उनकी गर्दन के पास से निकलकर हाथ पर पहुंचा। मांझे से हाथ कट गया। मांझे की चपेट में आने से चिकित्सक की गर्दन बाल-बाल बची।
दरअसल, नगर में चीनी मांझे का प्रचलन जारी होने से लगातार दुर्घटनाएं घट रही हैं। गुरुद्वारे के निकट कुछ समय पूर्व एक युवक की गर्दन काफी गहराई से कट गई थी। पुलिस की छापीमारी से बचने के लिए पतंग विक्रेता अपने घर से ही चीन मांझा बेच रहे हैं।
04:46 PM, 17-May-2023
विवाहिता की संदिग्ध परिस्तिथियों में मौत, फांसी के फंदे पर लटका मिला शव

सहारनपुर में गंगोह क्षेत्र के गांव बुड्ढाखेड़ा में दो दिन से लापता विवाहिता का शव उसके ही घेर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव बुड्ढाखेड़ा निवासी राजपाल की पत्नी सुनीता (40) पिछले दो दिन से लापता थी। 

परिजनों के अनुसार काफी तलाश के बाद भी सुनीता का कोई पता न चलने पर कोतवाली में गुमशुदगी की तहरीर दे दी गई थी। बुधवार को सुनीता का शव घर से कुछ दूर स्थित उसके ही घेर में संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका मिला। फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया और जांच पड़ताल की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतका सुनीता राजपाल की दूसरी पत्नी थी। पहली पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। पहली पत्नी से तीन बच्चे बताए गए हैं, जबकि सुनीता के कोई संतान नहीं थी। कोतवाली प्रभारी प्रभाकर कैंतुरा ने बताया कि मामले के सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
03:18 PM, 17-May-2023

सीएम ने दी अहलूवालिया को दी बधाई

नवनिर्वाचित महापौर हरिकांत अहलूवालिया और पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी में अफसर लगे हैं। इस बार समारोह घंटाघर टाउन हॉल में होने की बजाय चौ. चरणसिंह विवि के सुभाष चंद बोस प्रेक्षागृह या फिर विक्टोरिया पार्क में हो सकता है। अहलूवालिया ने बताया कि सीएम योगी आदित्यनाथ ने फोन पर शुभकामनाएं देने के साथ मेरठ के विकास पर एजेंडा तैयार कर भेजने की बात कही। 
Load More
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed