थाने में भिड़ी मां-बेटी, पति को छोड़ प्रेमी संग रहने की जिद पर अड़ी महिला
मुजफ्फरनगर में कस्बे की एक महिला अपने पति को छोड़कर प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अडिग है। महिला की मां को अपनी बेटी का यह रिश्ता रास नहीं आया तो उसने विरोध किया।
इस मामले को लेकर कोतवाली में पहुंची मां और बेटी के बीच जमकर मारपीट हुई। पुलिस ने बमुश्किल बीच बचाव करवाया। झगड़े का कारण बने प्रेमी को पुलिस ने हिरासत में लेकर उसका चालान कर दिया।
कस्बे की एक युवती की शादी करीब पांच साल पहले दिल्ली के निवासी युवक के साथ हुई थी। आजकल महिला अपने घर पर आई हुई है। महिला का अपने ही कॉलोनी निवासी दूसरी बिरादरी के युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। 15 दिन पहले महिला अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई थी।
शुक्रवार को महिला अपने प्रेमी के साथ कॉलोनी में लौट आई। महिला ने अपनी मां व परिजनों को बताया कि वह अपने पति के साथ नहीं रहेगी। बेटी ने माता व परिवार वालों के सामने अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद की। इसी बात को लेकर मां और बेटी के बीच मनमुटाव हो गया। मां को अपनी बेटी का नया रिश्ता रास नहीं आया।
वहीं इसी बात को लेकर मां-बेटी के बीच हुई तकरार कोतवाली पहुंच गई। मां-बेटी के साथ महिला का प्रेमी भी कोतवाली पहुंच गया। कोतवाली परिसर में मां-बेटी के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने मां और बेटी को अलग कराया। पुलिस ने झगड़े का कारण बने महिला के प्रेमी को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया।
महिला ने कोतवाली पुलिस से शिकायत की कि उसका पति उससे पैसे कमाने के लिए अनैतिक काम करवाना चाहता है। क्राइम इंस्पेक्टर जयभगवान सिंह का कहना है कि महिला बालिग है। वह अपनी मर्जी से कही भी रह सकती है। महिला के खिलाफ उसके पति और परिवार के किसी सदस्य ने कोई शिकायत भी नहीं की है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/