UP: प्रेमिका के घर युवक की लाश देख हर कोई हैरान, तलाकशुदा महिला से हुई पूछताछ, सामने आई ये बड़ी बात
Meerut News : मेरठ में तलाकशुदा महिला के घर में एक युवक की लाश देखकर हर कोई हैरान रह गया। महिला ने पुलिस पूछताछ में यह बड़ी बात बताई।
विस्तार
मेरठ में लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के किदवई नगर में तलाकशुदा प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचे युवक की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर युवक के परिजन मौके पर पहुंचे और प्रेमिका पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।
लिसाड़ी गेट के रिहान गार्डन निवासी 25 वर्षीय इरफान कस्सार पुत्र नफीस गैस चूल्हे की रिपेयरिंग का काम करता था। इरफान के भाई फुरकान ने बताया कि उसके भाई का किदवई नगर गली नंबर तीन में रहने वाली एक महिला से पिछले काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। महिला का पति से तलाक हो चुका है। वह अपने एक पुत्र और एक पुत्री के साथ रहती है।
बताया गया कि बुधवार रात करीब 12 बजे इरफान प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। बृहस्पतिवार सुबह छह बजे महिला ने इरफान के भाई फुरकान को सूचना दी कि हार्टअटैक से इरफान की मौत हो गई है। इसके बाद बदहवास परिजन महिला के घर पहुंचे तो कमरे में इरफान का शव पड़ा था। परिवार के लोगों ने महिला पर इरफान की हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया।
जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत किया। जांच पड़ताल में शव पर कोई चोट या प्रहार का कोई निशान नहीं मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। विसरा सुरक्षित रख लिया है। आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। बाद में उसे छोड़ दिया गया। अभी इरफान के परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी गई है।
यह भी पढ़ें: Murder: पहले महिला का कत्ल, फिर हाईवे पर फेंकी लाश, चेहरे पर मिले चोट के निशान, खुलासे के लिए दो टीमों का गठन
शव घर पहुंचा तो एकत्र हो गई भीड़
पोस्टमार्टम के बाद इरफान का शव पहुंचा तो मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। किसी ने पुलिस को सूचना दी कि इरफान के परिजन हंगामा कर सकते हैं। इस की आशंका के चलते पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। रात करीब नौ बजे गमगीन माहौल में इरफान का शव सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
यह भी पढ़ें: तमंचा फैक्टरी का भंडाफोड़: जीजा-साले बनाते थे अवैध हथियार, बड़ी संख्या में असलहा बरामद, जल्द खुलेंगे गहरे राज