भांजे ने मामी से बनाए अवैध संबंध, विरोध करने पर मामा को मार डाला और फिर...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिसे विश्वास के साथ घर में रखा, हर चीज की सुविधा दी। उसी ने धोखा दे दिया। युवक ने पहले मामी के साथ अवैध संबंध बनाए और फिर विरोध करने पर मामा को मौत के घाट उतार दिया। जानिए पूरा मामला...
घटना उत्तर प्रदेश के बागपत जिले की है। अमीनगर सराय में सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के कैड़वा गांव में प्रेम संबंधों का विरोध करने पर भांजे ने अपनी मामी के साथ मिलकर मामा की फांसी लगाकर हत्या कर दी। सीओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मृतक की पत्नी और दो भांजों को हिरासत में लिया।
कैड़वा गांव निवासी मोनू (28) पुत्र स्वर्गीय भागमल खेती बाड़ी कर परिवार का पालन पोषण करता था। शनिवार सुबह कमरे में युवक का चुन्नी से फांसी लगा शव मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर सीओ बागपत दिलीप सिंह सिंघावली अहीर थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के तहेरे भाई धर्मवीर ने सीओ को बताया कि मृतक मोनू का भांजा उनके पास ही रहता था। भांजे के मृतक की पत्नी दीपा से प्रेम संबंध हो गए। इसका मृतक विरोध करता था।
प्रेम संबंध का विरोध करने पर भांजे ने अपनी मामी और दो युवकों के साथ मिलकर मोनू की फांसी लगाकर हत्या कर दी और हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए कमरे में चुन्नी से पंखे पर शव लटकाने का प्रयास किया। जब शव नहीं लटका तो चुन्नी को बीच से काट दिया।
इससे ऐसा लगे कि शव फांसी पर लटका था और चुन्नी काटकर उसे नीचे उतारा है। ग्रामीणों व पुलिस को शव जमीन पर पड़ा मिला। शुक्रवार की रात दो बजे के लगभग ग्रामीणों ने तीन युवकों को मृतक के घर से निकलते हुए भी देखा है।
पढ़ें : अनैतिक संबंधों का पता चलने पर पत्नी को मार डाला, रची ये खतरनाक साजिश
पुलिस को मौके से महिला की टूटी चूड़ी और नशीले की गोली भी मिली हैं। इस संबंध में अभी तक थाने में तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस ने मृतक की पत्नी और दो भांजों को हिरासत में लिया है। सीओ दिलीप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई होगी।
अपने हिस्से की जमीन बेची
तहेरे भाई धर्मवीर ने बताया कि मोनू के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। उसके हिस्से में 14 बीघा जमीन है। शादी होने के बाद से ही उसने थोड़ी-थोड़ी कर अपनी जमीन बेचनी शुरू कर दी थी। अब वह अपनी सारी जमीन बेच चुका है। उसके पास कोई जमीन नहीं है। जमीन बेचकर उसने नोएडा में प्लाट खरीदा था और एक प्लाट अपने भांजे को भी खरीदकर दिया। कुछ दिन मृतक ने नोएडा में दुकान भी चलाई। अब वह अपने घर में ही रह रहा था और जमीन ठेके पर लेकर खेती बाड़ी करता था।
मरने से पहले किया संघर्ष
मृतक मोनू के शव को देखकर ऐसा लग रहा था कि उसने मरने से पूर्व हत्यारों के साथ संघर्ष किया हो। उसके चेहरे पर भी चोट के निशान मिले हैं। कमरे में चूड़ी टूटी पड़ी थी। वहीं पर ही नशीली गोलियां पड़ी हुई मिली है। इससे यह भी अंदाजा लगाया जा रहा है कि युवक को नशीली गोलियां खिलाने की भी कोशिश की गई है।
बेटी को खिलाया नशीला पदार्थ
तहेरे भाई धर्मवीर ने बताया कि मृतक मोनू के चार साल की बेटी है। घटना के बाद वह भी नशे की हालत में मिली है। जिससे लगता है कि हत्यारों ने घटना से पहले बच्ची को नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया, ताकि बच्ची कुछ न देख सके।
पढ़ें : PHOTOS: कलयुगी पिता ने ये क्या कर डाला... हर कोई देखकर हैरान
अंतिम संस्कार करने पहुंच गया आरोपी भांजा
तहेरे भाई धर्मवीर ने बताया कि मृतक मोनू का भांजा शनिवार को उसका अंतिम संस्कार करने कैड़वा गांव पहुंच गया। पत्नी भी लोगों को शक न हो, शव के पास बैठी कर आंसू बाह रही थी। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने दोनों को मौके से ही हिरासत में ले लिया।
भांजे ने मामा को दिया धोखा
मृतक मोनू के तहेरे भाई धर्मवीर ने बताया कि भांजे करीब दो साल से अपने मामा मोनू के घर पर ही रह रहे थे। मोनू उन्हें किसी चीज की कमी नहीं होने देता था। इतना ही नहीं उसने भांजे को नोएडा में प्लाट भी खरीदकर दिया, लेकिन इतना कुछ करने के बाद भी भांजे ने अपने मामा को धोखा दे दिया। अपनी मामी से अवैध संबंध बना लिए। मामा को पता चला तो उसने भांजे को बुरा भला कहा। एक साल पहले वह अपनी मामी को घर से भगाकर ले गया। दोनों 10-15 दिन तक मौज मस्ती करने के बाद घर लौट आए थे। मोनू ने फिर भी उन्हें कुछ नहीं कहा और अपने घर में रख लिया था।
जल्द होगा घटना का खुलासा - एसपी
एसपी जयप्रकाश ने बताया कि पुलिस को युवक का फांसी लगाकर शव जमीन पर पड़ा मिला है। इससे लगता है कि उसकी हत्या की गई है। पुलिस पत्नी व भांजे को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे है। शीघ्र ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/