सीसीएसयू अपडेट: 16 अगस्त से यूजी, एक सितंबर से चलेंगी पीजी की कक्षाएं, उप मुख्यमंत्री ने कही ये बड़ी बात
सीसीएसयू में परीक्षाओं को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई है। वहीं उप मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा में कोई भी केंद्र ऐसा न बनाया जाए, जिसकी कभी नकल की शिकायत हो।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) कैंपस और कॉलेजों में 16 अगस्त से यूजी द्वितीय एवं तृतीय वर्ष की कक्षाएं शुरू कराई जाएंगी। पीजी की कक्षाएं एक सितंबर से होंगी। इसको लेकर विवि ने तैयारी शुरू कर दी है। इसके साथ ही स्नातक प्रथम वर्ष में एडमिशन के लिए भी विवि ने यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई से डाटा लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रवेश समन्वयक प्रो. भूपेंद्र सिंह ने बताया कि तीनों बोर्ड से डाटा मिलते ही रजिस्ट्रेशन पोर्टल खोल दिया जाएगा।
सीसीएसयू कैंपस में ऑनलाइन कक्षाएं सोमवार से ही शुरू हुई हैं। अब ऑफलाइन कक्षाओं के निर्देश आने के बाद विवि ने तैयारी शुरू कर दी है। कॉलेजों में अभी परीक्षाएं चल रही हैं जो 14 अगस्त तक लगभग समाप्त हो जाएंगी। ऐसे में 16 अगस्त से यहां पर यूजी कोर्सों में द्वितीय एवं तृतीय वर्ष की कक्षाएं ऑफलाइन शुरू हो जाएंगी। एक सितंबर से पीजी सेमेस्टर की पढ़ाई शुरू हो जाएगी।
नकल विहीन कराएं बीएड प्रवेश परीक्षा : उप मुख्यमंत्री
छह अगस्त को होने वाली बीएड प्रवेश परीक्षा की तैयारियों को लेकर सोमवार को उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने प्रशासनिक और शिक्षा अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग की। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा में कोई भी केंद्र ऐसा न बनाया जाए जिसकी कभी नकल की शिकायत हो। परीक्षा सीसीटीवी की निगरानी में नकल विहीन हो। सभी केंद्रों पर कोविड गाइडलाइन का कड़ाई से पालन कराया जाए। वीडियो कांफ्रेंसिंग में मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह, कुलपति प्रो. एनके तनेजा, जिलाधिकारी के. बालाजी, रजिस्ट्रार धीरेंद्र कुमार वर्मा, क्षेत्रीय उच्च शिक्षाधिकारी डॉ. राजीव गुप्ता एवं शिक्षा और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
बीएड प्रवेश परीक्षा का आयोजन इस बार लखनऊ विवि द्वारा कराया जा रहा है। मेरठ जिले में 13367 छात्र-छात्राएं बीएड की परीक्षा देंगे। सीसीएसयू के परिक्षेत्र में नौ जिलों में सबसे ज्यादा केंद्र गाजियाबाद में 32 और मेरठ में 29 बनाए गए हैं। मेरठ और सहारनपुर मंडल के नौ जिलों में 59064 हजार छात्र-छात्राएं परीक्षाएं देंगे।
बताया गया कि कुल 135 केंद्र परीक्षा के लिए बनाए गए हैं। इनमें गाजियाबाद में 32, मेरठ में 29, गौतमबुद्धनगर में 17, सहारनपुर में 14, बुलंदशहर में 13, मुजफ्फरनगर में 11, बागपत में सात, शामली में छह और हापुड़ में छह केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड डाउनलोड होने लगे हैं। परीक्षा के आयोजन को लेकर उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने वीडियो कांफ्रेंसिंग की। एनआईसी में सभी अधिकारी कांफ्रेंस में मौजूद रहे।