भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत बोले- बिजली में नंबर वन पर भ्रष्टाचार, चौतरफा लुट रहा है किसान
भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि किसान चौतरफा लुट रहा है।
विस्तार
भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि किसान चौतरफा लुट रहा है। हम लंबे समय तक उसे परेशान नहीं देख सकते। बिजली में नंबर एक पर भ्रष्टाचार है। पुलिस 16वें नंबर पर पहुंच गई है। जिस विभाग के अधिकारी परेशान करेंगे अब उसी के दफ्तर का घेराव होगा।
मुजफ्फरनगर में धरना समाप्ति की घोषणा करने से पहले राकेश टिकैत ने कहा कि विद्युत निगम 600 रुपये के 2700 वसूल रहा है। हिस्सा प्रमाणपत्र में हम कब तक लुटेंगे। इसका परमानेंट समाधान करो। अधिकारी साफ करें कि तहसील में लूट कब बंद होगी। किसान भयंकर तरीके से त्रस्त है। विभागों को सुधरना पड़ेगा। अब डीएम ऑफिस पर नहीं इन विभागीय अधिकारियों के ऑफिस के बाहर ही धरना होगा। किसान चिंता न करें गन्ना या तो शुगर मिल में जाएगा या डीएम के ऑफिस पर गिरेगा। मोरना और रोहाना शुगर फैक्टरी की क्षमता बढ़ जाए तो किसानों की समस्या का किसी हद तक हल होगा। गन्ने की फर्जी पर्ची का खेल खत्म होना चाहिए। 200 रुपये क्विंटल लेकर 325 रुपये बेचने वालों की पहचान होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि हम किसी सरकार के विरोधी नहीं है, जो भी सरकार होती है उसके सामने अपनी बात रखते हैं। कुछ लोगों को इस बात का दर्द है तो वह अपने विधायक पद से त्याग पत्र दे दे। गेहूं की फसल बारिश के कारण कम है। फैक्टरियों में भूसे की सप्लाई पर रोक लगनी चाहिए। किसानों की आरसी की प्रक्रिया तत्काल रोकी जाए। हम कहीं तोड़फोड़ नहीं करते ऑफिस के सामने भट्ठी चढ़ाकर बैठ जाते हैं और जेल जाने के लिए तैयार रहते हैं। अफसर किसी के प्रेशर में काम न करे यहां कोई बचाएगा नहीं।
यह भी पढ़ें: भाकियू ने डीएम की गाड़ी के स्थान पर खड़ा किया ट्रैक्टर, दफ्तर से गायब हुए अफसर, देखें तस्वीरें
ये तो ट्रेलर मात्र है : राजू
मंडल महासचिव राजू अहलावत ने कहा कि जिले के विधायक प्रशासन के द्वारा किसानों का अपमान करा रहे हैं और उनको सड़क पर धरने पर बैठने को मजबूर कर रहे हैं। जब- जब किसानों का अपमान होगा तब- तब इतना ही बड़ा धरना होगा, यह तो ट्रेलर मात्र है। सड़क और रेल भी जाम की जाएगी। इसलिए शासन प्रशासन को किसानों की समस्याओं को समाधान सम्मानपूर्वक करना चाहिए। कपिल सोम, विकास शर्मा, योगेश शर्मा, मांगेराम त्यागी, अंकित चौधरी, नीटू दुलहरा, नीरज पहलवान, अमरजीत, मनोज सहरावत, अंकित राठी आदि मौजूद रहे।
इन्होंने भी किया संबोधन
धरने को जिलाध्यक्ष धीरज लटियाल, नवीन राठी, ओमपाल मलिक, मांगेराम त्यागी, कुशल वीर, कपिल सोम, संजीव भारद्वाज, सतीश भारद्वाज, नीतू दुल्हेरा, मोनू राठी, मनीष प्रधान, सत्येंद्र प्रधान, ममता, संजीव त्यागी, राजेंद्र बालियान, ओम प्रकाश शर्मा ने संबोधित किया।
भाकियू के मंच पर अफसरों की क्लास
भाकियू के मंच पर डीएम और एसएसपी की मौजूदगी में अफसरों की जमकर क्लास लगी। विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता ने कहा कि सरकार द्वारा निजी नलकूप के बकाया बिल के लिए आसान किस्त योजना लाई गई है, जिसके अंतर्गत पंजीकरण कराकर किसान अपना पैसा जमा कर सकते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली के गलत बिल ठीक करने के संबंध में आश्वासन दिया कि विद्युत उपखंड अधिकारी के कार्यालय पर सभी समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा। बिना विभाग के उच्च अधिकारी के संज्ञान में लाएं। कहीं भी छापा नहीं मारा जाएगा। हर व्यक्ति को विद्युत कनेक्शन रेगुलर कराने के लिए एक मौका दिया जाएगा। एडीएम प्रशासन अमित सिंह ने कहा कि हिस्से फरद में अंकित करने के लिए 83 गांव का चयन किया गया है। पूरे जिले में जल्द से जल्द अंकित करने की कार्यवाही की जाएगी। प्रमाणपत्र में पैसे मांगने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जिला गन्ना अधिकारी डॉ. आडी द्विवेदी ने कहा कि जनपद में 62 लाख क्विंटल का अतिरिक्त सट्टा अनुबंध हुआ है। इसके बाद भी अगर गन्ना बचता है तो दोबारा सर्वे कराकर किसानों का सभी गन्ना खरीदा जाएगा। शुगर मिल की क्षमता व पेराई की जांच के लिए एक कमेटी का गठन किया गया है, जो प्रत्येक सप्ताह जांच कर रिपोर्ट डीएम को देगी।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/