Murder in Meerut: आसिफ की हत्या से लिया शाहजेब हत्याकांड का बदला, पिता बोले-हमारा सब लुट गया
मेरठ में गोरक्षा दल से जुड़े आसिफ भारती की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी गई। दरअसल आसिफ की हत्या की वारदात को दिसंबर 2022 में हुए शाहजेब हत्याकांड का बदला लेने के लिए अंजाम दिया गया। इस हत्या के आरोप में आसिफ जेल गया था।
विस्तार
गोरक्षा दल के सदस्य आसिफ भारती भले ही दो माह पहले जमानत पर बाहर आया हो, लेकिन 2015 में भाई दिलशाद की हत्या के बाद से ही उसे खुद की जान का खतरा सता रहा था। दोनों भाइयों के पास कमेलों को लेकर जानकारी रहती थी, जो वह पुलिस को बताते थे। दिलशाद की हत्या भी इसी रंजिश में हुई थी। दिसंबर 2022 में आसिफ और उसके भाई इमरान पर शाहजेब की हत्या का केस दर्ज हुआ था, जिसमें दोनों जेल चले गए थे।
आसिफ जमानत पर बाहर आ गया था, लेकिन इमरान जेल में ही है। आसिफ के बेटे अनस ने आरोप लगाया कि शाहजेब के परिवार वालों ने ही उसके पिता की हत्या की है। जिन्हें लगातार धमकी मिल रही थी। आसिफ की हत्या के बाद उसके चचेरे भाई मुजाहिद ने आबिद, आदिल पुत्र काले खां, परवेज, नौशाद, आदिल और हाजी पप्पू के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। सभी आरोपी शाहजेब के परिवार के सदस्य हैं। उसका कहना था कि आसिफ अवैध पशु कटान का विरोध करता था, जिसके कारण उसकी हत्या की गई।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, दिख रहे हमलावर
सरेबाजार हुई इस घटना के बाद लोगों में भी दहशत का माहौल बन गया। अधिकतर दुकानदारों ने दुकानों के शटर बंद कर दिए। बदमाशों ने फिल्मी स्टाइल में हत्याकांड को अंजाम दिया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। बताया जा रहा है कि सीसीटीवी फुटेज भी मिली है, जिसमें हमलावर दिखाई दे रहे हैं। इसके आधार पर हमलावरों की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि आसिफ पर भी कई केस दर्ज थे।
आरोपियो के मकान के बाहर पुलिस तैनात
आसिफ भारती की हत्या के बाद आरोपियों के मकान के बाहर पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। आरोपियों के परिवार के सदस्य भी गायब हैं। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की पांच टीमें बनाई गई हैं।
पिता ने कहा, हमारा सब कुछ लुट गया
आसिफ के पिता शकील का कहना है कि हमारा तो सब कुछ लुट गया। पहले बड़े बेटे दिलशाद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अब छोटे बेटे आसिफ को मौत के घाट उतार दिया गया। पुलिस से कई बार गुहार भी लगाई। यदि पुलिस ने गंभीरता दिखाई होती तो शायद दोनों बेटों की जान बच सकती थी।
इस तरह हुआ था शाहजेब का हत्याकांड
लिसाड़ी गेट में दिसंबर 2022 में खालिद ने अपने छोटे भाई मुतलीब को गोली मार दी थी। इस दौरान वहां पर आसिफ, इमरान, टोनी, जुबैर पहुंच गए थे, जिन्होंने वहां मौजूद भीड़ को लाठियों से खदेड़ दिया था। इस बीच लाठी शाहजेब को भी मार दी गई थी। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। शाहजेब के परिजन भी तभी से रंजिश रख रहे थे।
पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर बोले, हर संभव की जाएगी परिवार की मदद
आसिफ हत्याकांड के बाद पूर्व आईपीएस व आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने अपनी प्रवक्ता डॉ. नूतन ठाकुर के माध्यम से कहा कि आसिफ भारती की हत्या ने प्रदेश में कानून व्यवस्था की असलियत को एक बार फिर सामने ला दिया है। मात्र फर्जी एनकाउंटर और फर्जी पुलिसिया कार्रवाई हो रही है, जिस कारण संगीन घटनाओं पर लगाम नहीं लग रहा। आजाद अधिकार सेना का प्रतिनिधिमंडल रविवार को मृतक के घर जाएगा। मामले की पूरी जानकारी लेकर परिवार की हर संभव मदद की जाएगी।