UP: चौधरी साहब को भारत रत्न देने का एलान, BJP नेता सुनील भराला ने PM मोदी को कहा धन्यवाद, किसानों ने मनाई खुशी
Bharat Ratna Award 2024 : चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देने की घोषणा होने से किसान कमेरा वर्ग में खुशी की लहर है। रालोद नेता सुनील रोहटा के आवास पर किसानों ने एक-दूसरे को गुड़ खिलाकर खुशियां मनाईं। वहीं, भाजपा नेता पंडित सुनील भराला ने पीएम मोदी को धन्यवाद कहा।
विस्तार
भारत सरकार द्वारा अमर किसान मसीहा कहे जाने वाले पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न दिए जाने की घोषणा से किसान कमेरा वर्ग में खुशी की लहर है। केंद्र सरकार की इस घोषणा के बाद रालोद नेता सुनील रोहटा के आवास पर किसानों ने एक-दूसरे को गुड़ खिलाकर खुशी मनाई।
सुनील रोहटा ने बताया कि स्वर्गीय चौधरी साहब के समर्थको एवं विभिन्न संगठनों द्वारा उनको भारत रत्न दिए जाने की मांग लंबे समय से लगातार उठाई जा रही थी। केंद्र सरकार की इस घोषणा से किसान कमेरा वर्ग में त्योहार जैसा माहौल है।
यह भी पढ़ें: जन्म से मृत्यु तक का सफर: चौधरी साहब ने देश में किए थे ये बड़े बदलाव, पढ़िए किसान मसीहा बनने की पूरी कहानी
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की इस घोषणा सराहनीय है। रोहटा के आवास पर पहुंचे समर्थकों ने आपस में एक-दूसरे को गुड़ खिलाकर खुशी मनाई। इस मौके पर पूर्व एमएलसी प्रत्याशी सुनील रोहटा, भाजपा नेता भोपाल गुर्जर पांचली, संदीप चौधरी, अरविंद मित्तल, अमरपाल मलिक, ओमपाल चौधरी, संदीप शर्मा, सचिन चौधरी, प्रवीन चौधरी, छोटू घाट, हरेंद्र प्रधान, कुशलवीर राठी, अमित कुमार आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: Bharat Ratna Award: जयंत ने लिखा- दिल जीत लिया, भाजपा में जाने के सवाल पर बोले- किस मुंह से इनकार करूं
पीएम मोदी ने तीन महान विभूतियों को भारत रत्न देकर बढ़ाया देश के 140 करोड़ लोगों का गौरव : पंडित सुनील भराला
केंद्र सरकार ने पूर्व पीएम नरसिम्हा राव, चौधरी चरण सिंह और वैज्ञानिक एमएस स्वामीनाथन को भारत रत्न (मरणोपरांत) देने का एलान किया है। पीएम मोदी ने खुद एक्स पर पोस्ट करते हुए इसकी जानकारी दी।
वहीं, दिल्ली के संसद भवन से इसी मुद्दे पर भाजपा के वरिष्ठ नेता पंडित सुनील भराला ने मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि आज भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों के मसीहा व पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव और बड़े वैज्ञानिक एमएस स्वामीनाथन को भारत रत्न से सुशोभित करके इस देश के किसानों का भी मान बढ़ाया है। साथ ही किसानों का कद ऊंचा किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने ऐतिहासिक कार्य किया है। उन्होंने देश में नया कीर्तिमान स्थापित किया है और भारत में उन तीनों महान विभूतियों को भारत रत्न देकर के देश के किसानों का ही नहीं इस देश के 140 करोड़ लोगों का गौरव बढ़ाया है। मैं भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हृदय की गहराइयों से बधाई देता हूं। धन्यवाद देता हूं।