उत्तर प्रदेश के मेरठ में ढाई लाख रुपये के इनामी बदन सिंह बद्दो पर कार्रवाई का श्रेय हाईकोर्ट को जाता है। बद्दो के पुलिस हिरासत से भागने के बाद 19 महीने तक मेरठ पुलिस खामोश बैठी रही। दो माह पहले हाईकोर्ट में उसके खिलाफ जनहित याचिका दायर होने के बाद बद्दो की संपत्ति ढूंढने का काम ट्रेनी आईपीएस कृष्ण कुमार बिश्नोई ने किया। अंतत: एक के बाद एक कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बद्दो की कोठी ध्वस्त कराई। इस बड़ी कार्रवाई से मोस्ट वांटेड बदन सिंह बद्दो का खौफ भी मिट्टी में मिल गया।
आखिर मिट्टी में मिल गया मोस्ट वांटेड बद्दो का खौफ, जमींदोज हुई आलीशान कोठी, देखिए तस्वीरें
28 मार्च, 2019 को बद्दो पुलिस हिरासत से भाग गया था। तलाश में पुलिस, एसटीएफ, एटीएस समेत कई सुरक्षा एजेंसियां लगी रहीं। इस दौरान बद्दो से जुड़े कई लोग जेल भेजे गए लेकिन, उस पर 19 महीने तक कोई कार्रवाई नहीं की। हाईकोर्ट में दायर एक जनहित याचिका में बद्दो से कई लोगों को खतरा बताया गया। मेरठ पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल खड़े किए गए।
हाईकोर्ट ने मामले में प्रमुख सचिव गृह को कोर्ट में पेश होकर जवाब देने के आदेश दिए। इसके बाद मेरठ जोन के एडीजी राजीव सभरवाल और आईजी रेंज प्रवीण कुमार ने उसकी कुंडली खंगाली। ट्रेनी आईपीएस ने पंजाबीपुरा में बद्दो की कोठी तलाश ली। बद्दो ने पुलिस प्रशासन से बचने के लिए यह कोठी भाभी कुलदीप कौर को उपहार में दे दी थी।
सात नवंबर को हुई थी कुर्की
बद्दो की कोठी पर पहली कार्रवाई सात नवंबर, 20 को हुई। कोर्ट के आदेश पर ब्रह्मपुरी पुलिस ने कुर्की की। उसके बाद बद्दो को माफिया करार देते हुए कोठी को ध्वस्त कराने की प्रक्रिया शुरू की गई। एमडीए से जांच कराई गई। मामला कमिश्नर की कोर्ट में पहुंचा। बद्दो की भाभी सुनवाई में नक्शा नहीं पेश कर पाईं। इस पर कमिश्नर ने कोठी को अवैध घोषित कर दिया। पुलिस की अगली कार्रवाई गैंगस्टर 14 (ए) के तहत बद्दो की अचल संपत्ति जब्त करने की है। पुलिस प्रक्रिया पूरी कर चुकी है। प्रशासनिक अधिकारी के आदेश का इंतजार है।
लगन से किया काम
आईपीएस कृष्ण कुमार बिश्नोई ने पूरे मामले में लगन से काम किया। एसएसपी मेरठ ने भी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कार्रवाई सुनिश्चित कराई। - राजीव सभरवाल, एडीजी, मेरठ जोन
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/