मऊ। दीवानी कचहरी परिसर में बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कार्य कर रहे युवा अधिवक्ता विवेक कुमार गुप्ता को अचानक हार्ट अटैक आ गया। साथी अधिवक्ता आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवा अधिवक्ता के असामयिक निधन की खबर मिलते ही कचहरी परिसर में अधिवक्ता समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई।
युवा अधिवक्ता विवेक कुमार गुप्ता बुधवार दोपहर कचहरी परिसर में अपने कार्य में लगे हुए थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबियत बिगड़ गई और वह अचेत होकर गिर पड़े। आसपास मौजूद साथी अधिवक्ताओं ने तत्काल उन्हें संभाला और इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवा अधिवक्ता की मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता जिला अस्पताल पहुंच गए। घटना की जानकारी परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही अधिवक्ता की पत्नी समेत परिवार के अन्य सदस्य अस्पताल पहुंचे। पति की असामयिक मौत की खबर से पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल रहा। परिवार के लोगों का भी विलाप देखकर अस्पताल में मौजूद अधिवक्ता भावुक हो उठे। युवा अधिवक्ता के निधन पर सिविल कोर्ट सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शमसुल हसन और महामंत्री लक्ष्मीकांत यादव समेत अधिवक्ताओं ने गहरा दुख जताया। शोक जताने वालों में इश्तियाक अहमद, हरिद्वार राय, राजेंद्र राय, दारोगा सिंह, अरविंद आदि शामिल थे।