मऊ। शहर में बड़े-बड़े मार्ट हैं लेकिन पार्किंग की व्यवस्था नहीं, इसके चलते लगने वाले जाम से आए दिन होने वाली दुश्वारी को देखते हुए सिटी मजिस्ट्रेट ने शॉपिंग माल संचालकों को नोटिस जारी किया। इसके बाद भी शॉपिंग माल संचालकों पर इसका असर न होने पर सोमवार को एसडीएम सदर ने सभी को अल्टीमेटम दिया। इस दौरान एसडीएम सदर ने मार्ट में संचालित दुकानों को बंद कराया। बाद में दुकान संचालकों के निवेदन पर एसडीएम ने उन्हें तीन दिन का समय देते हुए दुकानें सीज करने की चेतावनी दी।
बताते चले नगर क्षेत्र में बड़े भवनों में मार्ट का संचालन होता है, लेकिन किसी के पास पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। इसका परिणाम है कि जाम लगता है। इस समस्या को अमर उजाला ने अक्तूबर माह में प्रमुखता से उठाते हुए प्रकाशित किया था। अमर उजाला के 22 अक्तूबर के अंक में पार्किंग की व्यवस्था नहीं, कई स्थानों पर सड़क पर आड़े तिरछे खड़े वाहन बनते है जाम कारण शीर्षक से प्रकाशित खबर को प्रशासन ने गंभीरता से लिया। इस दौरान प्रशासन ने शहर में संचालित उन सभी शॉपिंग मॉल को नोटिस जारी किया था। इसमें पार्किंग की व्यवस्था नहीं थी। प्रशासन के इस आदेश पर कुछ मार्ट ने पार्किंग की व्यवस्था किया, लेकिन अधिकांश ने नोटिस को अनदेखी किया था। इसका परिणाम रहा कि सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट जेएन सचान के अवकाश पर रहने के कारण एसडीएम सदर निरंकार सिंह सोमवार को पार्किंग की व्यवस्था नहीं करने वाले शॉपिंग मॉल संचालकों को अल्टीमेटम दिया। इस दौरान एसडीएम ने पहले तो मार्टों का शटर गिरवाया। लेकिन दुकानदारों के मोहलत मांगने पर उन्हे तीन दिन का समय दिया। बोले यदि इन तीन दिनों में पार्किंग की व्यवस्था नहीं हुई तो दुकान को सीज कर दिया जाएगा। बात करने पर एसडीएम ने कहाकि नोटिस तीन माह पूर्व जारी की गई थी, इसके बाद भी कुछ ने पार्किंग की व्यवस्था नहीं किया था। इससे आए दिन जाम की समस्या उत्पन्न होती है। इसको लेकर यह कार्रवाई की गई है। तीन दिन बाद दुकानों को सीज किया जाएगा।