विधायक निधि दुरुपयोग मामला: बांदा जेल से मुख्तार अंसारी की हुई वर्चुअल पेशी, बैरक में टीवी न मिलने की कही बात
विधायक निधि दुरुपयोग मामले में विधायक की वीडियो कांफ्रेंसिंग से हुई पेशी। इस दौरान मुख्तार ने पेशी पर टीवी मांगा। सरवां के विद्यालय को विधायक निधि से 25 लाख रुपये देने का आरोप है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
विधायक निधि के दुरुपयोग मामले में आरोपी मऊ जिले के सदर विधायक मुख्तार अंसारी की गुरुवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बांदा जेल से पेशी हुई। इस दौरान अंसारी ने कोर्ट के आदेश के बावजूद जेल में टीवी उपलब्ध नहीं कराने की बात कही। रिमांड मजिस्ट्रेट अमित मणि त्रिपाठी ने अगली पेशी की तिथि 25 अगस्त मुकर्रर की है।
अभियोजन के अनुसार, सरायलखंसी थाना क्षेत्र के सरवां गांव निवासी विजय कुमार गुप्ता ने सदर विधायक मुख्तार अंसारी की निधि के दुरुपयोग की शिकायत की। इसमें सरवां गांव स्थित भूमि पर विद्यालय बनवाने के लिए दो किस्तों में 25 लाख रुपये जारी करने का आरोप लगाया गया था।
मामले की जांच के बाद सरायलखंसी थाने के प्रभारी निरीक्षक राम सिंह की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई। इसमें मुख्तार अंसारी, संजय सागर, आनंद यादव और बैजनाथ यादव को आरोपी बनाया गया है। गुरुवार को विधायक को बांदा जेल से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए पेश किया गया।
इस दौरान विवेचक ने अंसारी की न्यायिक अभिरक्षा 14 दिनों के लिए बढ़ाने के लिए अर्जी दी। रिमांड मजिस्ट्रेट ने मुख्तार अंसारी के अधिवक्ता दारोगा सिंह और अभियोजन अधिकारी के तर्क सुनने के बाद मुख्तार अंसारी की न्यायिक अभिरक्षा बढ़ाते हुए अगली पेशी के लिए 25 अगस्त की तिथि नियत की है।