बोझी बाजार/अमिला। बडरांव ब्लाक के सभागार में मंगलवार को निर्विरोध निर्वाचित ब्लाक प्रमुख उर्मिला यादव को समारोह आयोजित कर पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। घोसी के उप जिलाधिकारी निरंकार सिंह ने प्रमुख को शपथ ग्रहण कराया। इस दौरान प्रमुख के समर्थकों ने जश्न मनाया और एक दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर बधाइयां दीं। ब्लाक प्रमुख उर्मिला यादव ने कहा कि बिना किसी भेदभाव के ब्लाक क्षेत्र का समग्र विकास किया जाएगा। सबके मान-सम्मान का ध्यान दिया जाएगा। इस मौके पर खंड विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह, एडीओ पंचायत अखिलेश मल, पूर्व ब्लाक प्रमुख दीनानाथ सिंह, भाजपा नेता भरत सिंह, राकेश मिश्र, सपा नेता राजकुमार यादव, सर्वेश यादव, हंसराज पटेल, दीपक ओझा सहित भारी संख्या में लोग मौजूद रहे। बताते चलें कि ब्लाक प्रमुख के इस कार्यकाल में सर्वप्रथम ब्लाक प्रमुख डा. एच एन पटेल की बहू गीता पटेल निर्वाचित हुईं थीं। उनके विरुद्ध पूर्व ब्लाक प्रमुख विद्युत प्रकाश के नेतृत्व में विरोधियों ने अविश्वास प्रस्ताव दिया। परिणाम स्वरूप नए ब्लाक प्रमुख का चुनाव हुआ। विद्युत प्रकाश ने अपनी बहू विमला यादव को चुनाव जिताकर प्रमुख पर कब्जा जमाने में कामयाब रहे। लेकिन लगभग एक साल बाद ही फिर विमला यादव को अविश्वास प्रस्ताव का सामना करना पड़ा,पलड़ा हलका देख विद्युत ने विमला यादव का त्याग पत्र दिला दिया। इसके बाद एक ही कार्यकाल में तीसरी बाद हुए चुनाव में उर्मिला यादव ब्लाक प्रमुख पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुईं हैं।