मऊ। जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी की अध्यक्षता में जिला विद्यालय सुरक्षा परामर्श समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई। इस अवसर पर जिलाधिकारी ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि राष्ट्रीय आपदा प्रबंध प्राधिकरण के अंतर्गत जनपद के समस्त प्रावि, उप्रावि के प्रधानाध्यापक की उपस्थिति में अग्निशमन विभाग एवं सिविल इंजीनियरों द्वारा राष्ट्रीय आपदा जैसे भूूकंप, बाढ़ अग्निकांड, चक्रवात, आकाशीय विद्युत आदि से बचाव के संबंध में विस्तृत सभी विकास खंडों में ट्रेनिंग देकर प्रशिक्षित किया जाए। जिससे वे अपने विद्यालयों में बच्चों को आपदा से संबंधित संपूर्ण जानकारी दे सकें। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के नगर क्षेत्रों में प्राविद्यालय एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में अध्यापकों की बहुत बड़ी कमी होने के कारण शिक्षा-दिशा का कार्य प्रभावित हो रहा है। इसलिए जनपद के सभी निजी तथा सरकारी कालेजों में प्रशिक्षित बीएड एवं बीटीसी के प्रशिक्षुओं द्वारा या अपने स्तर से अध्यपकों को भेज कर नगर क्षेत्रों के प्रावि एवं उच्च प्राविद्यालयों में शिक्षा-दीक्षा की गुणवत्ता को सुधारें। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि अपने स्वेच्छा से नगर क्षेत्र प्राथमिक विद्यालय एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में अपना बहुमूल्य समय देकर बच्चों को पढ़ाएं। जिलाधिकारी द्वारा प्रशस्ति प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। वह प्रमाण पत्र उनके अनुभव प्रमाण पत्र के रूप में मान्य होगा। इस अवसर पर नगर पालिका चेयरमैन तैयब पालकी, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग आदि उपस्थित रहे।