ताउते तूफान का असर: पांच दिनों से बेटे का हाल जानने को तरसा परिवार, मऊ का लाल मुंबई में लापता
लापता युवक तेल निकालने की कंपनी मैथु एसोसिएट कंपनी में काम करता था। परिजनों ने कंपनी में बात की तो बताया कि संदीप सहित कंपनी के 30 लोग लापता हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सोमवार को मुंबई में आए चक्रवाती तूफान ताउते ने जबरदस्त तबाही मचाई। पांच दिन बीत जाने के बाद तबाही के मंजर के बीच समुद्र में मुंबई के बांबे हाई हिरा फील्ड में मौजूद सिप 305 पर कार्यरत मऊ जिले के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के सैदोपुर गांव निवासी संदीप सिंह(26) पुत्र संतोष सिंह अभी भी लापता हैं।
संदीप तेल निकालने की कंपनी मैथु एसोसिएट कंपनी में हेल्पर के रूप में काम करता था। उसकी कोई जानकारी न मिलने के कारण परिवार के सदस्यों को रो-रो कर बुरा हाल है। सैदोपुर गांव निवासी संदीप सिंह बीते दो साल से मुंबई के मैथु एसोसिएट कंपनी में कार्य कर रहा था।
संदीप की चचेरी बहन प्रियंका ने बताया कि संदीप 4 अक्तूबर 2020 को मुंबई गया था। उसकी घर वापसी के लिए 25 मई का टिकट भी था। इस बीच परिवार से उसने 16 मई की शाम मोबाइल से वीडियो काल कर करीब 10 मिनट बात भी की। लेकिन इसके बाद 17 मई को मुंबई में ताउते तूफान आ गया। जिसके बाद से संदीप को कोई पता नहीं चल रहा है।
कंपनी के लोगों से बातचीत करने पर उन्होंने बताया कि संदीप सहित 30 लोग मिसिंग हैं। प्रियंका ने बताया कि तूफान को आए 5 दिन हो गए। अभी तक उनके भाई की कोई जानकारी उनके पास नहीं है। जिसके कारण परिवार के सदस्य गहरे सदमें में हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से संदीप का पता लगाने की अपील की है। संदीप ही संयुक्त परिवार में कमाने वाला इकलौता इंसान था। पूरे परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी।