मऊ। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने रविवार की देर शाम जिले में विभिन्न विकास और सुंदरीकरण कार्यों का औपचारिक शुभारंभ किया। इस दौरान शहर के प्रमुख चौराहों और महापुरुषों की प्रतिमा स्थलों का कायाकल्प कर जनता को समर्पित किया गया।
मंत्री ए. के. शर्मा ने कहा कि मऊ शहर को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में कार्य निरंतर जारी रहेंगे। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाएं हमारी प्रेरणा और गौरव का प्रतीक हैं। ऐसे स्थलों के सुंदरीकरण से न केवल शहर की सुंदरता बढ़ती है, बल्कि नई पीढ़ी को उनके जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान से प्रेरणा लेने का अवसर भी मिलता है।
सरकार का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को बेहतर जनसुविधाएं मुहैया कराना और शहरी क्षेत्रों में ऐसा वातावरण तैयार करना है, जिससे लोगों को आवागमन, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।