मऊ। जिले में शहरी आवास योजना के तहत कांशीराम आवास में शहरी गरीबों को आवास उपलब्ध कराने की प्रकिया वर्षो से अधर में लटकी है। शिकायत के बाद भी खाली पड़े मकानों के आवंटन की प्रक्रिया शुरु नहीं की जा सकी है। शहर में कांशीराम शहरी आवास योजना के तहत सात नवीन पाकेट बनाए गए हैं। जिसमें 948 नव- निर्मित मकानों के मुकाबले 845 मकानों का ही आवंटन हो सका है। शेष खाली पड़े 103 मकानों का आवंटन वर्षो से अधर में लटका पड़ा है।इसके लिए डूडा की तरफ से कवायद अभी तक शुरू नहींकी जा सकी है। शहर के इमिलिया पाकेट में सभी मकान आवंटित हो चुके हैं। जबकि कंधेरी, सुल्तानपुर, सिकटिया, परदहां ग्रामीण, परदहां शहरी, स्वदेशी काटन मिल पाकेट में कुल मिलाकर 103 भवनों का आवंटन शेष है। लंबे समय से आवास आवंटन की प्रक्रिया अधर में लटकने से शहरी गरीबां को तमाम समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। परेशान लोगों ने प्रशासनिक सहित विभागीय अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया गया, लेकिन आज कल प्रक्रिया शुरू होने की बात कहकर मामले को टाल दिया जा रहा है। अधिकारियों की मानें तो कांशीराम शहरी आवास के तहत बने भवनों में खाली पड़े मकानों के आवंटन की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। आवंटन प्रक्रिया कब शुरू होगी कब पूरी हो जाएगी आला अधिकारी समय सीमा बताने को तैयार नहीं हैं। प्रभारी पीओ डूडा ददन कुमार ने बताया कि कांशीराम शहरी आवास योजना के तहत 103 मकानों के आवंटन नहीं हो सका है। इसके लिए शीघ्र ही प्रक्रिया शुरू होगी।