Mainpuri: तहसील में युवक ने खुद पर डाला ज्वलनशील पदार्थ, अधिकारियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर किया हंगामा
मैनपुरी के करहल तहसील में युवक ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डाल लिया। उसने अधिकारियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर काफी देर तक हंगामा किया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में करहल तहसील में बुधवार को एक युवक ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डाल लिया। उसने तहसील अधिकारियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए काफी देर तक हंगामा किया। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। एसडीएम ने युवक से बातचीत कर समझाया।
करहल थाना क्षेत्र के इकहरा गांव निवासी विक्रम सिंह खुद को बीजेपी का पदाधिकारी बताता है। वह एक जनसेवा केंद्र का संचालन भी करता है। कुछ दिन पहले उसने एक मांग पत्र एसडीएम को दिया था। इसमें कुछ मांगो को पूरा कर दिया गया। लेकिन कुछ मांगे अधिकारियों के स्तर की नहीं थी। इसको लेकर उसे आगे की प्रक्रिया करने के लिए कहा गया था। बुधवार की दोपहर विक्रम अचानक एसडीएम गोपाल शर्मा के कार्यालय के पास पहुंचा।
युवक ने परिसर में खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डाल लिया। उसे ऐसा करते देख वहां मौजूद सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी सतर्क हो गए। उसे पकड़ लिया लेकिन युवक शांत होने का नाम नहीं ले रहा था। वह लगातार तहसील में भ्रष्टाचार व्याप्त होने की बात कहे जा रहा था। लोग शांत करने का प्रयास कर रहे थे। लेकिन वह लगातार उग्र होता जा रहा था। एसडीएम ने युवक को बुलाकर उसकी बात को सुना और उसे प्रक्रिया के बारे में बताया। एसडीएम के समझाने पर युवक शांत हुआ।
पूर्व एसडीएम के खिलाफ भी कर चुका है शिकायतें
बुधवार को तहसील परिसर में ज्वलनशील पदार्थ डाल कर हंगामा करने वाला युवक पूर्व एसडीएम की शिकायतें भी कर चुका है। एसडीएम गोपाल शर्मा ने बताया कि पूर्व एसडीएम ने एक पीड़ित को पट्टे पर कब्जा दिलाया था। यह विक्रम को मंजूर नहीं था। इसी को लेकर वह पूर्व में शिकायतें करता रहा है।