Mainpuri News: पहाड़ में गश्त के दौरान 35 फीट नीचे गिरे बीएसएफ के एसआई, हो गई मौत, दो दिन में था रिटायरमेंट
गुवाहाटी में पहाड़ में गश्त के दौरान बीएसएफ के एसआई 35 फीट नीचे गिर गए। इससे उनकी मौत हो गई। दो दिन में वह सेवानिवृत्त होने वाले थे।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी के रहने वाले बीएसएफ के एसआई का गुवाहाटी में हुए हादसे में निधन हो गया। वह दो दिन बात रिटायर होने वाले थे। इससे पहले वह पहाड़ियों में गश्त करते समय करीब 35 फीट नीचे गिर गए। शुक्रवार को उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा तो कोहराम मच गया। सैनिक सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई। पार्थिव शरीर को बड़े बेटे ने मुखाग्नि दी।
भोगांव थाना क्षेत्र के गांव मेरापुर छदामी निवासी हेतराम कठेरिया 30 जून 1986 को बीएसएफ में भर्ती हुए थे। वर्तमान में वह एसआई के पद पर थे। 29 जून को ड्यूटी पर शिलांग की पहाड़ियों पर गश्त कर रहे थे। तभी अचानक उनका पैर फिसल गया और वह लगभग 30 से 35 फीट नीचे गिर गए। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सैनिक अस्पताल में इलाज के दौरान बृहस्पतिवार की दोपहर निधन हो गया।
यह भी पढ़ेंः- साइकोलॉजिस्ट निकला शैतान: बच्चों को अकेले कमरे में बुलाता...फिर दर्द से चीख उठते मासूम, सामने आया खौफनाक सच
निधन की खबर जैसे ही परिजन को हुई तो कोहराम मच गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शुक्रवार को हेतराम का पार्थिव शरीर बीएसएफ के वाहन से गांव पहुंचा तो कोहराम मच गया। साथ आए बीएसएफ कर्मियों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम सलामी दी। बड़े बेटे ने हेतराम को मुखाग्रि दी। इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक भोलू सिंह भाटी, गुहाटी बीएसएफ यूनिट से आए एसएचओ संतोष कुमार पांडेय, उदयवीर सिंह, जयवीर सिंह, ग्राम प्रधान मनोज कुमार आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ेंः- चंबल का एक थाना ऐसा भी: बदमाशों से नहीं, बिच्छुओं से खौफजदा हैं पुलिसकर्मी, वर्दी तो कभी जूते में घुसकर काटते
एक जुलाई को होना था सेवानिवृत्त
मेरापुर छदामी निवासी बीएसएफ कर्मी हेतराम कठेरिया एक जुलाई को सेवानिवृत्त होने वाले थे। वर्तमान में वह गुवाहाटी में तैनात थे। हेतराम की पुत्री अलका बार बार यह कह कर बेहोश हो जाती थी कि पापा एक जुलाई को सेवानिवृत्त होने वाले थे, लेकिन इससे पहले ही दुनियां से चले गए। बीएसएफ एसआई की अंतिम विदाई में आसपास के गांवों के लोग भी शामिल हुए। सपा जिलाध्यक्ष आलोक शाक्य और विधायक किशनी बृजेश कठेरिया ने भी गांव पहुंचकर अंतिम विदाई दी।