महोबा। कोतवाली चरखारी के रिवई गांव में पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज के पीछे बने गड्ढे में नहाने गए चचेरे भाई-बहन समेत तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई। रात नौ बजे तक बच्चों के घर न पहुंचने पर खोजबीन के बाद गड्ढे में एक बच्चे का शव उतराता मिलने पर घटना का पता चला। एक साथ तीन बच्चों की मौत से गांव में मातम का माहौल है। रिवई गांव निवासी मनोज अहिरवार को बेटा प्रिंस (15) अपनी चचेरी बहन रोशनी (11) व पड़ोस के अंशुल (10) के साथ परिषदीय विद्यालय में पढ़ता था। परिषदीय विद्यालय के पास ही राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज संचालित है। रविवार को अवकाश का दिन होने के चलते इंटर कॉलेज के पीछे स्थित गड्ढे में भरे पानी में तीनों नहाने गए थे। शाम छह बजे से तीनों के लापता होने पर परिजनों को आशंका हुई। रात नौ बजे तक तीनों बच्चे घर वापस नहीं लौटे। तब परिजनों ने खोजबीन की। टॉर्च की रोशनी लगाते हुए स्कूल के पीछे पहुंचे परिजनों को प्रिंस का शव गड्ढे में उतराता मिला। तब दो अन्य बच्चों के उसी गड्ढे में डूबने की आशंका हुई।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी चरखारी राहुल मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर रेस्क्यू शुरू कराया। रात करीब दस बजे दो अन्य बच्चों रोशनी व अंशुल के शव भी गड्ढे से बरामद हुए। तीनों को सीएचसी चरखारी भेजने पर डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उधर, सीओ दीपक दुबे का कहना है कि रिवई गांव में गहरे पानी में डूबने से तीन बच्चों के डूबने से मौत हुई है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, एसडीएम अवनीश तिवारी का कहना है कि देर शाम तीन बच्चों के डूबने की सूचना मिली थी। तत्काल राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंच रेस्क्यू किया गया। तीनों को अस्पताल में मृत घोषित किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद बच्चों के परिजनों को जो भी सरकारी सहायता होगी, वह दिलाई जाएगी।