फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Maharajganj News ›   Patients left gasping as tests and treatment at the district hospital take hours.

Maharajganj News: जिला अस्पताल में जांच व इलाज में लग रहे घंटों, हांफ रहे मरीज

Thu, 10 Sep 2026 02:05 AM IST
Gorakhpur Bureau गोरखपुर ब्यूरो
Updated Thu, 10 Sep 2026 02:05 AM IST
विज्ञापन
Patients left gasping as tests and treatment at the district hospital take hours.
जिला अस्पताल के दवा काउंटर पर लगी मरीजों की भीड़। 
-आधे घंटे में बन रहा पर्चा, डॉक्टर को दिखाने में लग रहा है तीन घंटे तक का समय
विज्ञापन

-जांच और सीटी स्कैन की लंबी कतार ने बढ़ाई मरीजों की परेशानी, सीटी स्कैन में लग रहे छह घंटे
महराजगंज। जिला अस्पताल में मरीज बीमारी से ज्यादा कतार में खड़े रहकर इंतजार करने से परेशान हैं। पर्ची कटवाने से लेकर डॉक्टर को दिखाने, जांच कराने और रिपोर्ट लेकर दोबारा डॉक्टर के कमरे तक पहुंचने में चार से पांच घंटे लग जा रहे हैं। बुधवार को मरीजों की भीड़ और अलग-अलग जांच केंद्रों पर लगी कतारों में कई मरीज सुबह से लेकर दोपहर तक जूझते रहे लेकिन जांच अथवा चिकित्सकीय परामर्श की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी।
जिला अस्पताल गरीब और मध्यम वर्गीय मरीजों के लिए इलाज का प्रमुख सहारा है। कम खर्च में उपचार की उम्मीद लेकर बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचते हैं लेकिन समय अधिक लगने से मरीजों के साथ तीमारदार भी पूरे दिन अस्पताल में इधर-उधर चक्कर काटते नजर आते हैं। जिला अस्पताल में अधिक समय लगने के कारण लोगों अन्य काम बाधित हो जाते हैं। दूर-दराज से आने वाले लोगों लगभग पूरा दिन निकल जाता है।
विज्ञापन

पर्ची बनवाने में जहां 15 से 30 मिनट तक लग रहे हैं, वहीं डॉक्टर को दिखाने के बाद यदि जांच लिख दी गई तो रिपोर्ट मिलने में भी काफी समय लग रहा है। इसके बाद रिपोर्ट लेकर फिर चिकित्सक के कक्ष के बाहर इंतजार करना पड़ रहा है। इस प्रक्रिया में चार से पांच घंटे लग जा रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

सुबह आए, दोपहर तक जांच में उलझे
करमहा निवासी रानू सुबह 10 बजे अपनी पत्नी को दिखाने जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि मंगलवार को पत्नी को नाक से खून आने की शिकायत पर दिखाने आया था। सीटी स्कैन होने के बावजूद बुधवार को दोबारा सीटी स्कैन कराने के लिए कहा गया।
मंगलापुर निवासी अफजल अपने बाबा बिस्मिल्ला को लेकर सुबह नौ बजे अस्पताल पहुंचे थे। दोपहर 12:04 बजे तक वह खून की जांच और एक्सरे कराने के बाद डॉक्टर को दिखाने के इंतजार में थे। उन्होंने बताया कि पर्ची बनवाने में करीब 15 मिनट, खून की जांच में आधा घंटा और एक्सरे कराने में करीब एक घंटा लगा।
सीटी स्कैन के लिए सुबह से इंतजार
सीटी स्कैन को लेकर भी मरीजों की परेशानी कम नहीं है। सिसवा निवासी पंकज सुबह छह बजे ही पत्नी के सिर का सीटी स्कैन कराने जिला अस्पताल पहुंच गए थे। सुबह सात बजे नंबर लगने के बावजूद दोपहर 12:09 बजे तक उनका नंबर नहीं आया था। इसी तरह ग्राम बगहा निवासी सनाउल्लाह सुबह सात बजे पिता आबिद अली का सिर का सीटी स्कैन कराने पहुंचे। दोपहर 12:11 बजे तक उन्हें यह पता नहीं चल सका था कि सीटी स्कैन कब होगा। उनका कहना था कि पूछने पर भी कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया जा रहा है।
जांच केंद्रों पर भी दबाव
अस्पताल में बुधवार को 35 लोगों का अल्ट्रासाउंड किया गया। 80 डिजिटल एक्सरे और 20 मैनुअल एक्सरे कराए गए। मंगलवार के लंबित तीन जांचों को बुधवार को किया गया। वहीं सीटी स्कैन कक्ष में बुधवार को 40 पर्चे लगाए गए। आंकड़े बताते हैं कि मरीजों की संख्या के मुकाबले जांच सेवाओं पर दबाव बना हुआ है।
स्पीकअप
बुधवार को अपनी बच्ची के कान की समस्या को लेकर जिला अस्पताल आया हूं। दोपहर 11:54 बजे पर्ची काउंटर पर लाइन में लगा था। करीब 30 मिनट से कतार में हूं। अभी तक पर्ची नहीं बनी है। कुछ समय और लगेगा।
-जयकृष्ण पटेल, बेलवा बुजुर्ग निवासी
सुबह 11 बजे जिला अस्पताल में पहुंच गया था। अपने भाई की बेटी को त्वचा रोग विशेषज्ञ को दिखाने आया हूं। दोपहर 11:57 बजे दवा काउंटर पर खड़ा हो गया था। नंबर आने में अभी करीब 30 मिनट और लगने की बात बताई जा रही है।

-समीर, सिसवा निवासी
वर्जन
जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। इसे देखते हुए सभी डॉक्टरों और स्टॉफ को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उपलब्ध संसाधनों के अनुरूप मरीजों का समय से उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है। यदि किसी स्तर पर मरीजों को समस्या हो रही है तो उसकी जानकारी लेकर तत्काल समाधान कराया जाएगा।
- डॉ. एके द्विवेदी, सीएमएस, जिला अस्पताल
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article