{"_id":"6aa1c2903d39fe5a0d0c20fe","slug":"district-hospitals-new-registration-counter-turns-into-a-parking-stand-maharajganj-news-c-206-1-mhg1001-184824-2026-09-10","type":"story","status":"publish","title_hn":"Maharajganj News: जिला अस्पताल का नया पर्ची काउंटर बना पार्किंग स्टैंड","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Maharajganj News: जिला अस्पताल का नया पर्ची काउंटर बना पार्किंग स्टैंड
विज्ञापन
विज्ञापन
फर्नीचर शिफ्ट होने के बाद भी काउंटर पड़ा है बंद
पुराने काउंटर पर ही जुट रही मरीजों की भीड़
महराजगंज। जिला अस्पताल में मरीजों की बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने और पर्ची बनवाने की व्यवस्था को सुचारु करने के लिए बनाया गया नया पर्ची काउंटर फिलहाल पार्किंग स्टैंड बनकर रह गया है। लाखों रुपये की लागत से तैयार कराए गए इस काउंटर का अभी तक संचालन शुरू नहीं हो सका है। इससे पुराने पर्ची काउंटर पर ही लंबी कतार लग रही है।
जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज पहुंचते हैं। सुबह के समय पर्ची बनवाने के लिए मरीजों और तीमारदारों की भीड़ पुराने काउंटर पर जमा हो जाती है। भीड़ अधिक होने के कारण कई बार मरीजों को पर्ची बनवाने में काफी समय लग जाता है। इसी समस्या को देखते हुए अस्पताल परिसर में नया पर्ची काउंटर तैयार कराया गया था ताकि मरीजों को बेहतर सेवा मिल सके।
विज्ञापन
नया काउंटर तैयार होने के बाद वहां फर्नीचर भी शिफ्ट किया गया लेकिन इसके बावजूद अब तक इसका संचालन शुरू नहीं हुआ है। काउंटर के आसपास वाहनों की पार्किंग होने से यह स्थान पर्ची काउंटर के बजाय पार्किंग स्टैंड जैसा नजर आ रहा है। अस्पताल आने वाले मरीजों का कहना है कि जब नया काउंटर तैयार है तो उसे शुरू किया जाना चाहिए जिससे पुराने काउंटर पर लगने वाली भीड़ कम हो सके।
विज्ञापन
नए पर्ची काउंटर का निर्माण रोगी कल्याण समिति के धन से कराया गया है। इस पर करीब छह से सात लाख रुपये की लागत आई है। ऐसे में लंबे समय से काउंटर का संचालन नहीं होने को लेकर अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
सितंबर के अंतिम सप्ताह में होगा शिफ्ट
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. एके द्विवेदी ने बताया कि रोगी कल्याण समिति से करीब सात लाख रुपये की लागत से नए पर्ची काउंटर का निर्माण कराया गया है। सितंबर माह के अंतिम सप्ताह में ओपीडी में जिस दिन भीड़ कम रहेगी, उस दिन पर्ची काउंटर को नए स्थान पर शिफ्ट कराया जाएगा। इसके बाद मरीजों को पर्ची बनवाने में सुविधा मिलेगी और पुराने काउंटर पर भीड़ कम करने में मदद मिलेगी।