महरौनी (ललितपुर)। एक जनवरी 2021 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवक-युवतियों के लिए मतदाता बनने के लिए 17 नवंबर 2020 से 15 दिसंबर 2020 तक चलने वाले मतदाता पंजीकरण कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार पांडेय व जिला विद्यालय निरीक्षक राम शंकर की अध्यक्षता व उपजिलाधिकारी मोहम्मद कमर एवं जिला अल्प संख्यक अधिकारी दिलीप कुमार के विशिष्ट आतिथ्य में हुआ।
इस मौके पर मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार पांडेय ने कहा कि सभी पात्र युवक-युवतियां प्रारूप 6 नाम सम्मिलित किये जाने हेतु आवेदन को भरकर मतदाता बनकर राष्ट्र व लोकतंत्र को मजबूत करें। मतदाता सूची की पारदर्शिता अति आवश्यक है। देश आगे बढ़ रहा है। देश का भार युवाओं के कंधों पर है। जिला विद्यालय निरीक्षक राम शंकर ने कहा कि मतदाता पंजीकरण शुभारंभ का मुख्य उद्देश्य तभी सफल होगा जब हम और आप सभी मिलकर अपने आसपास रहने वाले 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं को मतदाता बनने के लिए जागरूक करें और जिनके नाम स्थान में परिवर्तन आदि जो भी संशोधन होना है उसके प्रारूप आवेदन को भरकर अपने-अपने बूथ पर जाकर मतदाता सूची को पारदर्शी बनाने के लिए संकल्पित हों। उप जिलाधिकारी मो. कमर ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष मतदान जरूरी है और उसके लिए जरूरी है मतदाता बनना। इस अवसर पर सूर्यभान यादव, सुरेश यादव, राकेश दुबे, सूर्यवली, दिनेश श्रीवस्तव, राहुल जैन, मनीष तिवारी, रत्नेश जैन, रजनी सिंह, अरविंद कुमार, हीरू गुप्ता लेखाकार कार्यालय जिला विद्यालय निरीक्षक ललितपुर आदि उपस्थित रहे।