{"_id":"612a60c08ebc3e79da5682ef","slug":"man-hanged-himself-in-the-police-station-in-lalitpur","type":"story","status":"publish","title_hn":"ललितपुर: थाने में युवक ने फांसी लगाकर जान दी, ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिसकर्मी निलंबित","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ललितपुर: थाने में युवक ने फांसी लगाकर जान दी, ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिसकर्मी निलंबित
Sat, 28 Aug 2021 09:43 PM IST
Vikas Kumar
अमर उजाला नेटवर्क, ललितपुर
अमर उजाला नेटवर्क, ललितपुर
Published by: Vikas Kumar
Updated Sat, 28 Aug 2021 09:43 PM IST
सार
पुलिस अधीक्षक निखिल पाठक ने उदासीनता बरतने पर थाना प्रभारी समेत घटना के समय मौजूद सभी पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया है। घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : amar ujala
विस्तार
ललितपुर में शुक्रवार रात गालीगलौज किए जाने की शिकायत पर पकड़कर लाए गए एक युवक ने शनिवार की दोपहर पाली थाने में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय थाने में एडीएम की अध्यक्षता में समाधान दिवस चल रहा था। युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की जानकारी होने पर मौके पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस पर हत्या का आरोप लगाते हुए देर शाम तक शव नहीं उठने दिया। एसडीएम के आश्वासन पर वे माने। वहीं पुलिस अधीक्षक निखिल पाठक ने उदासीनता बरतने पर थाना प्रभारी समेत घटना के समय मौजूद सभी पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया है। घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं।
विज्ञापन
ग्राम पटऊआ निवासी एक ग्रामीण की शिकायत पर डायल 112 पुलिस गांव में रहने वाले फूल सिंह के पुत्र तेजराम (32) को शुक्रवार की रात पकड़कर थाने लाई थी। आरोप था कि तेजराम शराब के नशे में गाली गलौज कर रहा है। उसे थाने में बैठा लिया गया था। शनिवार को सुबह से थाने में समाधान दिवस चल रहा था।
विज्ञापन
इसमें अपर जिलाधिकारी भी मौजूद थे। दोपहर लगभग 12 बजे पुलिस हिरासत में बैठा तेजराम थाने में बने टॉयलेट में लघुशंका के लिए गया। उसने वहां अपनी शर्ट का फंदा गले में डालकर दीवार पर लगे कुंदे से फांसी लगा ली। काफी देर तक वह बाहर नहीं निकला तो पुलिसकर्मियों ने शौचालय का दरवाजा खोलकर देखा।
विज्ञापन
अंदर तेजराम फांसी पर लटक रहा था। यह देख पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। उसे तत्काल फंदे से उतारकर बिरधा अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। पुलिस उसे जिला अस्पताल ले गई। वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना की जानकारी होने पर पटऊआ गांव के 150 से अधिक लोग अस्पताल पहुंच गए। वहां उन्होंने पुलिस पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर भारी पुलिस बल के अलावा एसडीएम पाली व एसडीएम सदर भी जिला अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों को समझाया। मामले में जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद रात लगभग आठ बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने दिया गया। घटना की जानकारी होने पर जिलाधिकारी अन्नावि दिनेश कुमार और पुलिस अधीक्षक निखिल पाठक पाली थाना पहुंचे। उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण करते हुए पूरी जानकारी की।
थाना प्रभारी और पुलिस कर्मियों की होगी जांच
युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने के मामले में थाना प्रभारी के अलावा जो भी पुलिस कर्मचारी शुक्रवार की रात और शनिवार को दिन में ड्यूटी पर तैनात थे सभी के कामों की जांच कराई जाएगी। -निखिल पाठक, पुलिस अधीक्षक, ललितपुर