तालबेहट। थाना तालबेहट के अंतर्गत ग्राम रामपुर में कुछ लोगों ने एक किराने की दुकान को आग के हवाले कर दिया, जिससे दुकान में रखा करीब साठ हजार रुपये का सामान जल गया। उलाहना देने पर दुकान संचालक से मारपीट कर जान से मारने की धमकी भी गई। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ग्राम रामपुर निवासी धनीराम पुत्र नत्थू ने प्रभारी निरीक्षक तालबेहट को शिकायती पत्र देकर बताया कि वह गांव में लकड़ी का खोखा रखकर किराने की दुकान संचालित करता है। उसने आरोप लगाते हुए बताया कि बीते रोज 12 मार्च को रात्रि करीब बारह बजे उसके गांव के ही तीन युवकों ने उसकी दुकान में आग लगा दी, जिससे सारा सामान जल गया। इससे उसे लगभग साठ हजार रुपये का नुकसान हुुआ है।
उसके पिता ने दुकान में आग लगाने की घटना देखी, जिसके बाद उन्होंने उसे बुलाया था। आग लगाने को मना करने पर उक्त लोग उसके पिता को जान से मारने की भी धमकी दी। उसके परिवारवालों को आग लगाकर मारने की धमकी दी। पीड़ित ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।