ललितपुर। जिलाधिकारी ने आज कार्यालय उप निबंधक का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उप निबंधक व निबंधक लिपिक गैर हाजिर मिले। जिस पर उनसे स्पष्टीकरण तलब किया, साथ ही परिसर गंदा पाए जाने पर नाराजगी जाहिर की।
डीएम मानवेंद्र सिंह ने उप निबंधक कार्यालय पहुंचकर रिकार्ड रुम देखा, साथ ही रजिस्ट्री सम्बंधी अभिलेखों का भी गहनतापूर्वक अवलोकन किया। यहां पर पुराने दस्तावेजों का रखरखाव नियमानुसार नहीं पाया गया, जिससे पुराने दस्तावेज को खोजने में काफी समय लगता है, जो उचित नहीं है। इस पर जिलाधिकारी द्वारा दस्तावेजों/अभिलेखों का नियमानुसार रखरखाव करने के निर्देश दिये गए। उन्होंने कार्यालय के विभिन्न पटलों पर जाकर पटल सहायकों से उनके द्वारा सम्पादित किये जाने वाले कार्यों के बारे में पूछताछ की, साथ ही पटलों की साफ-सफाई का भी जायजा लिया। इस दौरान उप निबंधक अशोक कुमार एवं निबंधक लिपिक सुर्य कुमार सिंह अनुपस्थित पाये गए। इस पर उक्त दोनों का स्पष्टीकरण तलब किया गया। कार्यालय में बने शौचालय एवं परिसर में स्वच्छता व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। निरीक्षण में परिसर गंदा पाए जाने पर उन्होंने सफाई के उचित प्रबंध करने के निर्देश दिए। कार्यालय में आने वाले फरियादियों के लिए बैठने के लिए उचित स्थान, पीने के लिए शुद्ध पेयजल व स्वच्छ शौचालय जैसी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के लिए निर्देशित किया।