UP: वाराणसी सिटी-लालकुआं साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन आज से, लखीमपुर-गोला में नहीं होगा ठहराव
वाराणसी सिटी-लालकुआं-वाराणसी सिटी ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन का ठहराव मैलानी और पीलीभीत में होगा। इस ट्रेन का संचालन 28 जून तक किया जाएगा।
विस्तार
रेलवे की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए वाराणसी सिटी-लालकुआं-वाराणसी सिटी ग्रीष्मकालीन त्रैसाप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन सात मई से शुरू हो जाएगा। जबकि आठ मई से लालकुआं-वाराणसी सिटी ट्रेन का संचालन शुरू होगा। लखीमपुर खीरी के जिला मुख्यालय और गोला वालों के लिए मायूसी हाथ लगी है। दोनों जगहों पर ट्रेनों का ठहराव नहीं रहेगा।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, ट्रेन नंबर 05029 वाराणसी सिटी से सात मई से 28 जून तक प्रत्येक सोमवार, बुधवार एवं शनिवार को चलेगी। ट्रेन नंबर 05030 लालकुआं से आठ मई से 29 जून तक प्रत्येक मंगलवार, बृहस्पतिवार और रविवार को चलेगी। ये ट्रेनें 23 फेरों के लिए चलाई गई हैं।
ट्रेन नंबर 05029 वाराणसी सिटी-लालकुआं स्पेशल ट्रेन वाराणसी सिटी से 15:40 बजे प्रस्थान कर औड़िहार से 16:20, मऊ से 17:25, देवरिया सदर से 19:10, गोरखपुर से 20:35, बस्ती से 21:45, गोंडा से 23:00, दूसरे दिन सीतापुर जंक्शन से 01:15, मैलानी से 03:00, पीलीभीत से 04:40, भोजीपुरा से 05:55 , बहेड़ी से 06:32 और किच्छा से 06:52 बजे छूटकर लालकुआं सुबह 07:30 बजे पहुंचेगी।
यह भी पढ़ें- UP News: सहालग सीजन में 10, 20 रुपये के नोटों का खेल, धड़ल्ले से ऑनलाइन बिक रही गड्डी... कहीं हो जाए ठगी
वापसी में ट्रेन नंबर 05030 लालकुंआ-वाराणसी सिटी स्पेशल लालकुआं से 10:35 बजे प्रस्थान कर किच्छा से 11:00, बहेड़ी से 11:22, भोजीपुरा से 12:25, पीलीभीत से 13:15, मैलानी से 15:25, सीतापुर जंक्शन से 16:55, गोंडा से 19:10, बस्ती से 20:25, गोरखपुर से 21:45, देवरिया सदर से 22:55, दूसरे दिन मऊ से 00:45 बजे और औड़िहार से 02:00 बजे छूटकर वाराणसी सिटी 03:10 बजे पहुंचेगी।
स्पेशल ट्रेन में छह सामान्य सहित लगेंगे 18 कोच
इस गाड़ी में शयनयान श्रेणी के सात, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का एक, साधारण द्वितीय श्रेणी के छह, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के दो और जीएसएलआरडी के दो कोच सहित कुल 18 कोच लगाए जाएंगे।
लखीमपुर में नहीं, पीलीभीत में है ठहराव
वाराणसी सिटी-लालकुआं-वाराणसी सिटी ग्रीष्मकालीन त्रैसाप्ताहिक स्पेशल ट्रेनों का लाभ जिला मुख्यालय और गोला के लोगों को नहीं मिल सकेगा। दोनों ही जगह के लोगों को मायूसी ही हाथ लगी है। जारी समय सारिणी में दोनों ट्रेनों का ठहराव लखीमपुर और गोला में नहीं है। जबकि पड़ोसी जनपद मुख्यालय पीलीभीत में ट्रेनों का ठहराव घोषित किया गया है। जबकि पिछली बार चलाई गई इन ट्रेनों का ठहराव गोला और लखीमपुर में होता था।
बदले नंबर और ज्यादा फेरों के लिए चलेगी ट्रेन
इस बार लालकुआं-वाराणसी सिटी-लालकुआं ग्रीष्मकालीन स्पेशल बदले हुए नंबरों से चलेगी। रेलवे ने पिछली बार इन ट्रेनों का संचालन ट्रेन नंबर 05055/05056 नंबर से किया था, जबकि इस बार इनका नंबर बदलकर 05029/05030 कर दिया है। पिछली बार यह ट्रेन साप्ताहिक थी और नौ फेरों के लिए चलाई गई थी, जबकि इस बार इसे त्रैसाप्ताहिक कर 23 फेरों के लिए चलाया गया है।