Lakhimpur Kheri: दिवाली से पहले चलने लगेंगी शाहगढ़-लखनऊ के बीच ट्रेनें, रेलवे ने जारी की समय सारिणी
लखीमपुर खीरी और पीलीभीत जिलों के लोगों के लिए राहत की खबर है। मैलानी-पीलीभीत रूट पर शाहगढ़ तक ट्रेन संचालन की अनुमति मिल गई है। रेलवे ने समय सारिणी जारी कर दी है। इससे उम्मीद लगाई जा रही है कि दिवाली से पहले इस रूट पर ट्रेनों का संचालन शुरू हो सकता है।
विस्तार
मैलानी-पीलीभीत रूट पर शाहगढ़ तक ट्रेन संचालन की अनुमति मिल गई है, हालांकि अभी तारीख तय नहीं है। रेलवे बोर्ड ने ट्रेनों के आने-जाने की समय सारिणी भी जारी कर दी है। इससे उम्मीद लगाई जा रही है कि संचालन दिवाली से पहले शुरू हो सकता है।
पैसेंजर ट्रेन सुबह छह बजकर बीस मिनट पर लखनऊ से चलकर दोपहर एक बजकर 55 मिनट पर शाहगढ़ पहुंचेगी। मैलानी से सुबह दस बजकर पचास मिनट पर लखनऊ के लिए जाने वाली पैसेंजर ट्रेन आने वाले दिनों में शाहगढ़ से लखनऊ तक जाएगी। इसकी समय सारिणी जारी हो गई है।
बता दें कि मैलानी और लखनऊ के बीच ब्रॉडगेज होने के बाद इस रेलखंड पर ट्रेन संचालन शुरू हो गया, लेकिन मैलानी पीलीभीत के बीच ब्रॉडगेज निर्माण के लिए वन विभाग की अड़ंगेबाजी के चलते अमान परिवर्तन का काम तक पूरा नहीं हो सका है।
हालांकि कार्यदायी संस्था ने इस बीच शाहगढ़ तक विद्युतीकरण का काम पूरा करा लिया। इसका सीआरएस होने के बाद लोग लखीमपुर से पीलीभीत के बीच ट्रेन संचालन शुरू होने का इंतजार कर रहे थे। रेलवे बोर्ड ने ट्रेन चलाने की अनुमति देकर दोनों जिले के मुसाफिरों को सस्ता और आरामदायक सफर की सौगात दी है। रेलवे बोर्ड के संयुक्त निदेशक (कोचिंग) विवेक कुमार सिंन्हा ने इस आशय का प्रस्ताव मंजूर कर महाप्रंबधक परिचालन एनई रेलवे गोरखपुर को पत्र भेज दिया है।
लखनऊ से शाहगढ़
लखनऊ- 06:20
मैलानी- 12:25
अकेला हंसपुर-। 12:37
सेहरामऊ- 12:48
कुर्र्या- 12:57
दूधिया खुर्द- 13:05
उदयपुर खुर्द- 13:12
पूरनपुर- 13:19
परसादपुर- 13:31
शाहगढ़- 13:55
शाहगढ़ से लखनऊ
शाहगढ़- 14:30
परसादपुर- 14:37
पूरनपुर- 14:50
उदयपुर खुर्द- 15:01
दुधिया खुर्द- 15:07
कुर्रया- 15:16
सेहरामऊ- 15:24
अकेला हंसपुर- 15:31
मैलानी- 15:55
लखनऊ- 20:50
30 मई 2018 को बंद हुआ था ट्रेनों का संचालन
मैलानी से शाहगढ़ तक रेल का सफर साढ़े पांच साल बाद दोबारा नसीब होगा। बता दें कि इस मार्ग पर 30 मई 2018 को रेल सफर बंद हुआ था। मैलानी-पीलीभीत रेलखंड के अमान परिवर्तन के लिए रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) ने तीस मई 2018 को मेगा ब्लॉक लेकर अमान परिवर्तन का काम शुरू किया था।
मैलानी-शाहगढ़ खंड का काम पूरा होने के बाद संरक्षा आयुक्त मोहम्मद लतीफ खान ने 26 दिसंबर 2021 को संरक्षा निरीक्षण किया था, लेकिन तब रेलवे ने शाहगढ़ तक ट्रेनें नहीं चलाईं। इसके बाद इस खंड का विद्युतीकरण का काम शुरू हो गया। विद्युतीकरण का काम चल ही रहा था कि वन विभाग की आपत्ति के चलते दूधिया खुर्द-कुर्रैय्या के बीच विद्युतीकरण रोकना पड़ गया।
वन विभाग की एनओसी मिलने के बाद विद्युतीकरण का काम पूरा हुआ और 18 सितंबर को संरक्षा निरीक्षण होने के बाद से ही इस खंड पर ट्रेन संचालन की उम्मीद जागी थी।
अब शाहगढ़ से पीलीभीत तक बाकी है ट्रेन संचालन
लंबे इंतजार के बाद मैलानी से शाहगढ़ तक तो जल्द ही ट्रेन संचालन शुरू हो जाएगा, वहीं शाहगढ़ से पीलीभीत के बीच ट्रेन संचालन के लिए इंतजार करना होगा। इस खंड पर सिविल वर्क चल रहा है। एनईआर के जीएम ने दिसंबर तक इसे पूरा करने के निर्देश कार्यदायी संस्था आरवीएनएल को दिए हैं।