गौरीफंटा। गौरीफंटा से धनगढ़ी सब्जी बेचने जा रही गौरीफंटा क्षेत्र के बनगवां, सेड़ाबेड़ा, कजरिया, बनकटी गांव की करीब 50 थारू महिलाओं ने सीमा पर रोकने के विरोध में जाम लगा दिया।
देवकी देवी, सरला राना, ममता, लालमती राना, हेमा, जागृति समेत अन्य महिलाओं ने सुबह साढ़े नौ बजे गौरीफंटा सीमा पर एसएसबी, बीओपी कैंप के सामने हंगामा करते हुए नेपाल से भारत आने-जाने वाले वाहनों को रोक दिया। साइकिलें लगाकर सड़क जाम कर दी। इससे सुरक्षा एजेंसियों में खलबली मच गई। सीमा पर तैनात एसएसबी के एसआई राजवीर सिंह नेगी ने महिला जवानों के साथ मौके पर पहुंचकर महिलाओं को समझाने के साथ चेतावनी भी दी। इसके बाद बॉर्डर खुला और वाहनों का आवागमन शुरू हो सका।
महिलाओं का कहना है कि नेपाल एपीएफ ने कहा कि सब्जियों की जांच नहीं की जा सकती, इसलिए नेपाल जाने देना संभव नहीं। इसी से नाराज होकर जाम लगाया।