Lakhimpur Kheri News: पहली महिला एसओ बनीं श्रद्धा सिंह, निघासन थाने की संभाली कमान
वन स्टॉप सेंटर पर तैनात श्रद्धा सिंह को निघासन थाने का थानाध्यक्ष बनाया गया है। महिला थाने को छोड़ दें तो किसी अन्य थाने में पहली बार महिला थानाध्यक्ष की तैनाती हुई है।
विस्तार
थाने में महिला एसओ की तैनाती को लेकर मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद लखीमपुर खीरी में वन स्टॉप सेंटर पर तैनात श्रद्धा सिंह को निघासन थाने का थानाध्यक्ष बनाया गया है। महिला थाने को छोड़ दें तो किसी अन्य थाने में पहली बार महिला थानाध्यक्ष की तैनाती हुई है।
हाल ही में मुख्यमंत्री ने महिला पुलिस कर्मियों को थानाध्यक्ष बनाने का निर्देश दिया था। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह की पत्नी (आकांक्षा समिति की अध्यक्ष) अल्पना सिंह व एसपी गणेश प्रसाद साहा की पत्नी (वामा सारक्षी की अध्यक्ष) डॉ. कोमल साहा ने निघासन थानाध्यक्ष श्रद्धा सिंह को पुष्प भेंटकर बधाई दी।
ये भी पढ़ें- Bareilly: जुलूस-ए-मोहम्मदी का रास्ता रोकने पर पनपा तनाव, दो समुदाय आमने-सामने आए, पुलिस ने संभाला मोर्चा
उधर, एसपी ने कई अन्य पुलिसकर्मियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया है। निघासन थाना प्रभारी सुनील कुमार दुबे को अपराध शाखा भेजा गया है। अपराध निरीक्षक निघासन पुष्पेंद्र त्रिपाठी को इसी पद पर पसगवां स्थानांतरित किया गया है।
परामर्श प्रकोष्ठ का उद्घाटन
पति-पत्नी और पारिवारिक विवादों के निपटारे को एसपी दफ्तर में परिवार परामर्श प्रकोष्ठ बनाया गया है। बुधवार को वामा सारथी की अध्यक्ष डॉ. कोमल साहा और आकांक्षा समिति अध्यक्ष अल्पना सिंह ने परामर्श प्रकोष्ठ के कार्यालय का फीता काटकर उद्घाटन किया।
उन्होंने कहा कि परिवार परामर्श केंद्र ने कई टूटते परिवारों को बचाकर उनकी जिंदगी में रंग भरा है। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह, एसपी गणेेश प्रसाद साहा, एएसपी नैपाल सिंह व अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।