Lakhimpur Kheri: ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर किया हंगामा
कस्ता-सिकंदराबाद मार्ग पर ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार ग्रामीण की मौत हो गई थी। रविवार शाम पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव लाया गया तो परिजनों ने अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया। उन्होंने हत्या का आरोप लगाया। सोमवार सुबह सड़क पर जाम लगाकर हंगामा किया।
विस्तार
लखीमपुर खीरी में कस्ता-सिकंदराबाद मार्ग पर ग्रामीण की मौत से आक्रोशित परिजनों ने सोमवार को हत्या का आरोप लगाते हुए सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना पर फोर्स के साथ पुलिस अफसर पहुंचे। अफसरों के समझाने पर परिजन माने। इसके बाद शव को अंतिम संस्कार किया।
शनिवार देर शाम नीमगांव के टिकौला निवासी वेदप्रकाश (50) साथी सुरेंद्र निवासी व्यासपुर के साथ बाइक से घर जा रहे थे। सिकंदराबाद-कस्ता रोड पर व्यासपुर मोड़ के पास बाइक और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर हो गई थी। हादसे में वेदप्रकाश की मौत हो गई। सुरेंद्र की हालत गंभीर है। उनका जिला अस्पताल में इलाज हो रहा है।
रविवार शाम जब वेद प्रकाश का शव पोस्टमार्टम के लिए बाद गांव लाया गया तो परिजनों ने अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया। आरोप लगाया कि ट्रैक्टर चालक ने कुचलकर हत्या की है। सुबह आठ बजे से रोड जाम करने की कोशिश की। पुलिस और प्रशासन के अफसर पहुंचे तो नाराज परिजनों से बात की कोशिश शुरू हुई।
ये भी पढ़ें- हादसे ने छीनीं खुशियां: तालाब में गिरी बाइक... दिवाली पर पटाखा लेकर लौट रहे दो सगे भाइयों की डूबकर मौत
कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शव का अंतिम संस्कार करने के लिए राजी किया गया। इसके बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। थानाध्यक्ष कौशल किशोर का कहना है कि मृतक के पुत्र की तहरीर पर दुर्घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी। सोमवार को परिजन ने हत्या का आरोप लगाया, लेकिन तहरीर नहीं दी।
मृतक को मिलेगी आर्थिक सहायता
एसडीएम मितौली विनीत कुमार उपाध्याय ने बताया कि मृतक के परिजनों को कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी। समझाने के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
एएसपी नैपाल सिंह ने कहा कि मौके पर जाकर परिजनों से बात की और कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया। जो भी मांगे हैं, उनकी जांच की जाएगी। सड़क पर जाम नहीं लगा था। दुर्घटना की रिपोर्ट शनिवार को ही दर्ज हो गई थी।