खून की उल्टी से मौत को समझा टोटका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सेवरही (कुशीनगर)। सेवरही थाना क्षेत्र के सरगटिया करनपट्टी गांव में रविवार को दुर्भाग्यपूर्ण घटनाक्रम में दो मासूमों की जान चली गई। इनमें एक बच्चे की मौत तबीयत बिगड़ने से हुई, तो दूसरा मासूम अपने ही रिश्तेदारों के अंधविश्वास की बलि चढ़ गया। रविवार की दोपहर तीन वर्ष के एक बच्चे को खून की उल्टी होने के बाद मौत हो गई। घरवालों को लगा कि बच्चे की मौत पट्टीदारों की तरफ से टोना-टोटका कराने से हुई है। आरोप है कि प्रतिशोध में उस बच्चे के परिवारवाले पट्टीदार के तीन वर्ष के एक नाती को गांव के एक धर्मस्थल पर ले गए और वहां उसे पीटकर मार डाला। पुलिस ने हत्या सहित अन्य संगीन धाराओं में केस दर्ज कर तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
रविवार की दोपहर करीब दो बजे सरगटिया करनपट्टी गांव के रहने वाले महाजन प्रसाद की पुत्री कृष्णावती के तीन साल के पुत्र आर्यन की तबीयत अचानक खराब हो गई। बताया जाता है कि बच्चे को खून की उल्टियां होने लगीं और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। परिवार वालों को शक हुआ कि बच्चे की जान पड़ोस में रहने वाले पट्टीदार महातम के घरवालों द्वारा किए गए टोने-टोटके के चलते हुई है। इसपर वह महातम के तीन वर्षीय नाती सुबोध और उसकी मां सुमित्रा को जबरन घर से उठा लाए। आरोप है कि प्रतिशोध में उन लोगों ने गांव के एक धर्मस्थल पर सुबोध को उसकी मां के सामने ही पटक-पटक कर मार डाला। दरिंदगी की हद तब हो गई, जब बच्चे की मां सुमित्रा की भी इन लोगों ने बलि देने की कोशिश की, लेकिन वह किसी तरह बच गई। महिला समेत उसका एक रिश्तेदार जब बीच-बचाव करने पहुंचे तो उन्हें भी घायल कर दिया गया।
चर्चा है कि पिछले कई दिनों से महाजन के घर में टोना-टोटका चल रहा था। उन्हें आशंका थी कि उनके महातम ने किसी आसुरी शक्ति को उनके घर में प्रवेश करा दिया है, जिसकी वजह से उनके घर में बीमारी अधिक हो रही है। उनका यह अंधविश्वास तब चरम पर पहुंच गया, जब बीमारी से उनके नाती आर्यन की मौत हो गई। इसके प्रतिशोध में उन्होंने महातम के नाती की हत्या कर दी।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ शान मोहम्मद के मुताबिक घटना की जांच की जा रही है। एएसपी लालसाहब यादव भी सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंचे। पीड़ित महातम की तहरीर पर पुलिस ने हत्या सहित अन्य कई धाराओं में केस दर्ज कर तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।