कौशांबी : सड़क हादसे में बाराबंकी की जिला पंचायत सदस्य समेत दो महिलाओं की मौत, चालक घायल
कड़ा धाम कोतवाली के लेहदरी गंगा पुल के नजदीक गिट्टी से लदा एक बेकाबू डंपर बोलेरो में टक्कर मारने के बाद सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। इससे बोलेरो सवार बाराबंकी जिला पंचायत सदस्य एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख समेत दो महिलाओं की मौत हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कड़ा धाम कोतवाली के लेहदरी गंगा पुल के नजदीक गिट्टी से लदा एक बेकाबू डंपर बोलेरो में टक्कर मारने के बाद सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। इससे बोलेरो सवार बाराबंकी जिला पंचायत सदस्य एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख समेत दो महिलाओं की मौत हो गई। साथ ही चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों महिलाएं दर्शन करने के लिए चित्रकूट जा रही थीं। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराने के साथ ही शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बाराबंकी के हैदरगढ़ थाना क्षेत्र के भीखरापुर गांव की रहने वाली रानी कनौजिया (45) पत्नी ओमप्रकाश कनौजिया जिला पंचायत सदस्य थी। इससे पहले वह ब्लॉक प्रमुख भी रह चुकी हैं। वर्तमान निकाय चुनाव में भाजपा से अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी कर रही थीं। बृहस्पतिवार की सुबह वह अपने करीबी सुनीता सिंह (42) पत्नी राज करण के साथ बोलेरो से चित्रकूट दर्शन करने जा रही थीं। गाड़ी सुशील सिंह (50) चला रहा था। शाम चार बजे के करीब भाजपा नेता की बोलेरो जैसे ही कड़ाधाम थाना क्षेत्र के लेहदरी पुल के पास पहुंची तभी सैनी की ओर से गिट्टी लादकर जा रहे तेज रफ्तार डंपर सामने से टक्कर मारते हुए सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया।
बताया जाता है कि टक्कर लगने से बोलेरो के परखचे उड़ गए। हादसे में बोलेरो सवार सुनीता सिंह व रानी कनौजिया की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। हादसा देख आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची कड़ा धाम पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायल चालक को पहले सीएचसी इस्माइलपुर और फिर बाद में जिला अस्पताल पहुंचाया।
परिजनों को सूचना देने के साथ ही पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की सूचना पर परिजन बाराबंकी से शव लेने के लिए कौशाम्बी के लिए निकल पड़े हैं। प्रभारी कोतवाल कमलेश यादव ने बताया कि महिलाओं के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों ने देर रात कौशाम्बी पहुंचने की जानकारी दी है। उधर, हादसे के बाद चालक डंपर से कूदकर भाग निकला।