यूपी : डिप्टी सीएम केशव के खिलाफ चुनाव लड़़ रहे बसपा प्रत्याशी को जान से मारने की धमकी
सिराथू विधान सभा से डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भाजपा के प्रत्याशी हैं। इस वजह से यह सीट जिले की सबसे हॉट मानी जाती है। सपा ने यहां पर अपना दल कमेरावादी की कार्यकारी अध्यक्ष पल्लवी पटेल को प्रत्याशी बनाया है।
विस्तार
सिराथू विधान सभा से बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे मुंसब अली को फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई। धमकी भरा फोन रविवार शाम उस वक्त आया जब वह क्षेत्र में चुनाव प्रचार कर रहे थे। घटना की तहरीर मुंसब अली ने सैनी कोतवाली में दी है।
सिराथू विधान सभा से डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भाजपा के प्रत्याशी हैं। इस वजह से यह सीट जिले की सबसे हॉट मानी जाती है। सपा ने यहां पर अपना दल कमेरावादी की कार्यकारी अध्यक्ष पल्लवी पटेल को प्रत्याशी बनाया है। बसपा ने यहां पहले से घोषित उम्मीदवार संतोष त्रिपाठी का नामांकन के अंतिम दिन टिकट काटते हुए परास गांव निवासी मुंसब अली को प्रत्याशी बनाया।
लोकेशन पूछने के बाद दी धमकी
इसे लेकर इस सीट पर चुनाव दिलचस्प हो गया है। सैनी कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में मुंसब ने बताया कि रविवार शाम वह क्षेत्र में अपना चुनाव प्रचार कर रहे थे।
इस दौरान उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल की। फोन करने वाले ने पहले उनकी लोकेशन पूछी, इसके बाद अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस बाबत सैनी के इंस्पेक्टर तेज बहादुर का कहना है कि वह क्षेत्र में हैं। तहरीर मिलने की जानकारी नहीं है। अगर तहरीर दी गई है तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।