UP Lok Sabha Election: साइकिल ने भरी रफ्तार, पुष्पेंद्र एक लाख से अधिक मतों से जीते, हैट्रिक से चूके विनोद
कौशाम्बी संसदीय सीट की मंझनपुर,सिराथू और चायल क्षेत्र की मतगणना ओसा स्थित नवीन मंडी परिसर में व कुंडा और बाबागंज विधानसभा क्षेत्र के मतों की गणना प्रतापगढ़ जनपद में हुई। सख्त पहरे के बीच 36 राउंड चली मतगणना में कौशाम्बी संसदीय सीट पर सपा ने जीत हासिल की।
विस्तार
दस साल बाद एक बार फिर कौशाम्बी संसदीय सीट पर सपा की साइकिल ने रफ्तार भर दी। मंगलवार को आए चुनावी नतीजों में पार्टी प्रत्याशी पुष्पेंद्र सरोज ने सीधे मुकाबले में एक लाख से अधिक मतों के अंतर से भाजपा के विनोद सोनकर को हैट्रिक लगाने से रोक दिया। वहीं, तीसरे पायदान पर रहे बसपा प्रत्याशी शुभनारायण अपनी जमानत भी नहीं बचा सके। चुनाव में उन्हें मात्र 55,858 मत ही मिले।नतीजों का एलान होते ही सपा समर्थक खुशी से झूम उठे।
कौशाम्बी संसदीय सीट की मंझनपुर,सिराथू और चायल क्षेत्र की मतगणना ओसा स्थित नवीन मंडी परिसर में व कुंडा और बाबागंज विधानसभा क्षेत्र के मतों की गणना प्रतापगढ़ जनपद में हुई। सख्त पहरे के बीच 36 राउंड चली मतगणना में कौशाम्बी संसदीय सीट पर सपा ने जीत हासिल की। देश के सबसे युवा प्रत्याशी सपा के पुष्पेंद्र सरोज ने चुनाव में 5,09,787 मत हासिल किए। वहीं ,भाजपा प्रत्याशी विनोद सोकनर को 4,05,884 वोट ही मिले। सुबह आठ बजे से शुरू हुई मतगणना शाम 6 बजे तक चली।
पहले चक्र से ही बना ली थी बढ़त
मतगणना में सपा प्रत्याशी पहले चक्र से ही बढ़त बनाए रहे। बढ़त का ये सिलसिला आखिरी राउंड तक बना रहा। पूरी मतगणना में एक बार भी कमल खिलता नहीं दिखा। चक्रवार बढ़त मिलती देख सपाई जहां उत्साहित नजर आ रहे थे, वहीं भाजपा मुरझाए चेहरों के साथ धीरे-धीरे कर मतगणना स्थल से खिसकते दिखे। नतीजों को लेकर भाजपाई समर्थकों में काफी मायूसी रही।
हालांकि, नवीन मंडी ओसा में प्रत्याशी विनोद सोनकर एक बार भी नहीं दिखे। वहीं, माहौल पूरी तरह पक्ष में होने की जानकारी मिलते ही सपा प्रत्याशी पुष्पेंद्र सरोज काउंटिंग स्थल पर पहुंच गए थे। शाम 6 बजे अंतिम चक्र की घोषणा होने पर सपा प्रत्याशी के पिता पूर्व मंत्री इंद्रजीत सरोज भी पहुंच गए। डीईओ राजेश कुमार राय ने शाम 7 बजे सपा प्रत्याशी पुष्पेंद्र सरोज के जीत की घोषणा करने के साथ ही उन्हें प्रमाण पत्र दिया।
पोस्टर बैलेट में भाजपा के विनोद सोनकर जीते
पोस्टर बैलेट से पड़े मतों में भाजपा प्रत्याशी विनोद सोनकर 89 मतों से विजयी रहे। उन्हें जहां 701 डाक मत मिले, वहीं सपा प्रत्याशी पुष्पेंद्र सरोज को 612 मत ही हासिल हुए। वहीं, बसपा को 61 डाक मत मिले हैं। जबकि, पोस्टर बैलेट में नोटा को नौ मत मिले। यह संख्या चुनावी समर में उतरे सात अन्य प्रत्याशियों को मिले मतों से अधिक रही। संवाद
किसे कितने मत मिले
प्रत्याशी पार्टी मिले मत
पुष्पेंद्र सरोज सपा 5,09,787
विनोद सोनकर भाजपा 4,05,843
शुभनारायण बसपा 55,858
पुष्पेंद्र कुमार सरोज निर्दल 05,184
नरेंद्र कुमार अद कमेरावादी 05,131
संजय कुमार निर्दल 04,634
राजेंद्र सोनकर उर्फ पन्ना भइया निर्दल 03,421
प्रदीप कुमार निर्दल 02,541
रामेश्वर प्रसाद भारतीय शक्ति चेतना पार्टी 02,013
राम आसरे मानवतावादी समाज पार्टी 01,950
नोटा 12,967
रिजेक्टेड मत ---- 780
---------------------------------------------------------------
कुल पड़े मत 10,10,109