Kaushambi : टेस्ट ड्राइव के बहाने तमंचा सटाकर लूटी कार, रेत में फंसने पर छोड़कर हुए फरार
सरायअकिल के दरहा गांव निवासी आर्य सिंह ने बताया कि कुछ महीने पहले उसने होंडा कंपनी की एक सेकेंड हैंड कार खरीदी थी। कार बेचने के लिए उसने अपना नाम पता और वाहन की फोटो आदि डालकर कुछ दिन पहले फेसबुक पर मैसेज पोस्ट किया था।
विस्तार
सरायअकिल कोतवाली के पुरखास गांव के समीप बुधवार को कार खरीदने आए बदमाशों ने टेस्ट ड्राइव के बहाने तमंचा सटाकर कार व मोबाइल फोन लूट लिया। यमुना नदी के पीपा पुल पर बिछी चकर्ड प्लेट से फिसलकर रेत में फंसने के कारण बदमाश कार छोड़ कर भाग गए गए। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने कार बरामद कर बदमाशों की छानबीन कर रही है।
सरायअकिल के दरहा गांव निवासी आर्य सिंह ने बताया कि कुछ महीने पहले उसने होंडा कंपनी की एक सेकेंड हैंड कार खरीदी थी। कार बेचने के लिए उसने अपना नाम पता और वाहन की फोटो आदि डालकर कुछ दिन पहले फेसबुक पर मैसेज पोस्ट किया था। उसकी पोस्ट देखकर बुधवार दोपहर एक नई स्विफ्ट डिजायर कार से चार युवक कार खरीदने दरहा गांव आए। एक लाख 40 हजार रुपया में कार का सौदा तय होने पर दो युवकों ने टेस्ट ड्राइव के बहाने आर्य सिंह को कार पर बैठा लिया। जबकि दो युवक उनकी खुद की कार पर बैठ गए।
आरोप है कि टेस्ट ड्राइव करते करते जैसे ही कार तिल्हापुर चौकी क्षेत्र के पुरखास गांव स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप पहुंची बदमाशों ने उसकी कनपटी पर तमंचा सटाकर उसका स्मार्टफोन छीन लिया। इसके बाद कार धीमी कर उसे नीचे धकेल दिया और कार लेकर नंदा का पुरवा गांव की ओर तेजी से भागने लगे। शोर मचाने पर स्थानीय ग्रामीणों ने बदमाशों का पीछा किया।
आपाधापी में बदमाशों की कार यमुना नदी के नंदा का पुरवा गांव में बने पीपा के पुल वाले रास्ते पर बिछी लोहे की चकर्ड प्लेट से फिसलकर रेत में फंस गई। मजबूरन बदमाशों को कार छोड़कर भागना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बदमाश पीपा के पुल से होते हुए यमुना नदी के उस पार प्रतापपुर की ओर भागे हैं। इंस्पेक्टर विनीत सिंह का कहना है कि घटना की बारीकी से जांच की जा रही है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।