Mahoba: फर्जी चेक से खरीदते थे सोने-चांदी के आभूषण, दो शातिर गिरफ्तार…पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मुकदमे
Mahoba News: फर्जी चेक से सोने-चांदी के आभूषण खरीदने के मामले में पुलिस ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत दो आरोपियों को पकड़ा है। दोनों के पास से आभूषण, नकदी व दो फर्जी चेकें बरामद हुई हैं।
विस्तार
महोबा जिले में कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी कर फर्जी चेक से सोने-चांदी के आभूषण खरीदने वाले दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से दो फर्जी चेक, सोने-चांदी के आभूषण और 11 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजा है।
अक्तूबर 2024 में मोहल्ला समदनगर निवासी रामकुमार सोनी की दुकान पर एक व्यक्ति आता-जाता रहा और चेकों से सोने-चांदी के आभूषण खरीदता रहा। तीन नवंबर को युवक ने अपने परिचित को दुकान भेजा और सोने की चैन व चांदी की पायल खरीदने के बाद 1.11 लाख की चेक थमा दी।
ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत दो आरोपियों को पकड़ा
जब चेक बैंक में लगाई गई,तो खाता बंद बताया गया। ठगी की आशंका होने पर पीड़ित ने शहर कोतवाली में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई। कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने महाकुंभ को लेकर चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत चेकिंग में दो आरोपियों को पकड़ा गया।
दोनों पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
उन्होंने अपना रामकरन कुशवाहा निवासी लिलवाही और नरेश तिवारी निवासी छानीकलां थाना कबरई बताया। अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि नरेश पर दो, जबकि रामकरन पर गुंडा एक्ट समेत 12 मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों के कब्जे से आभूषण, नकदी व दो फर्जी चेकें बरामद हुई हैं।