Hamirpur: ट्रक ने बाइक सवार दंपती को रौंदा, दोनों की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने जाम लगाकर पुलिस पर किया पथराव
Hamirpur News: जरिया थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मौका देखकर फरार हो गया।
विस्तार
हमीरपुर जिले मे जरिया थाना के चंडौत गांव में बेतवा नदी पुल के पास बुधवार दोपहर एक ट्रक ने बाइक सवार दंपती को कुचल दिया। जिससे पति की मौके पर मौत हो गई। वहीं पत्नी ने इलाज दौरान उरई मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने जाम लगा पुलिस पर पथराव किया। पुलिस ने बल प्रयोग कर भीड़ को हटाया। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं ट्रक चालक मौके से भाग निकला।
बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने था। जालौन जनपद के आटा थाना क्षेत्र के कहटा गांव निवासी रमाकांत उर्फ लल्ला राजपूत (38) अपनी पत्नी गीता देवी (35) के साथ बाइक से जरिया थाना क्षेत्र के खेड़ा शिलाजीत गांव स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे। वह जैसे ही जरिया थानांतर्गत चंडौत डांडा गांव के दानी बाबा घाट के पास पहुंचे तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
इससे बाइक चालक रमाकांत ट्रक के पहिए के नीचे आकर बुरी तरह कुचल गया। रमाकांत की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पत्नी गीता देवी पैर ट्रक के नीचे आने से बुरी तरह घायल हो गईं। पुलिस ने एंबुलेंस से गंभीर रूप से घायल गीता को उरई मेडिकल कॉलेज भेजा। जहां इलाज के दौरान गीता ने दम तोड़ दिया।
उधर, पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया है। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। वहीं, घटना की सूचना के बाद नदी उस पार स्थित आटा थाना के कहटा गांव के ग्रामीण भारी संख्या में मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने पत्थरबाजी कर पुलिस साथ भी अभद्रता की। साथ ही जाम लगाने की कोशिश की। ऐसे में पुलिस ने बल प्रयोग कर ग्रामीणों को खदेड़ दिया।
चंडौत डांडा चौकी प्रभारी व पुलिस कर्मियों से नोकझोंक की सूचना के बाद जरिया व जलालपुर पुलिस को भी बुला लिया गया। इंस्पेक्टर भरत कुमार ने ग्रामीणों द्वारा मारपीट व पथराव करने की बात से इन्कार किया। बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जानकारी के अनुसार मृतकों के परिजनों ने बेतवा नदी पुल पार जालौन जिले की सीमा में स्थित अपने गांव के पास चंडौत-कालपी मार्ग पर जाम लगा दिया।