Hardoi: तीन युवकों ने महिला को बेरहमी से पीटा, विरोध पर बेटे के मुंह को फेवीक्विक से चिपकाया, तीन पर रिपोर्ट
Hardoi Crime: प्रभारी निरीक्षक शेषनाथ सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। डॉ. दिव्यांशु चंद्र ने बच्चे का इलाज किया है और देर रात ही बच्चे को सीएचसी से छुट्टी दे दी गई है।
विस्तार
हरदोई जिले में मल्लावां कोतवाली क्षेत्र में गाली-गलौज का विरोध करना न सिर्फ महिला बल्कि उसके छह साल के बेटे को भारी पड़ गया। तीन युवकों ने महिला को पीटकर उसके बेटे के मुंह को फेवीक्विक लगाकर चिपका दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। कस्बे के मोहल्ला बाजीगंज निवासी नेहा गुप्ता कस्बे में ही चखना की दुकान लगाती हैं। उनकी दुकान शराब के ठेके से कुछ ही दूरी पर है। शुक्रवार रात मोहल्ले के ही कुक्कू, संदीप और गोलू बेवजह नेहा से गाली-गलौज करने लगे।
इस पर नेहा ने आपत्ति जताई, तो तीनों युवकों ने मिलकर नेहा की पिटाई कर दी। उसके साथ मौजूद बेटे भारत (6) के मुंह पर फेवीक्विक लगा दिया। राहगीरों ने घटना की सूचना यूपी 112 पर दी, तो पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने भारत को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
यहां डॉ. दिव्यांशु चंद्र ने बच्चे का इलाज किया। उन्होंने बताया कि देर रात ही बच्चे को सीएचसी से छुट्टी दे दी गई थी। प्रभारी निरीक्षक शेषनाथ सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।