प्रेमी युगल को ‘तालिबानी सजा’: पहले जमकर पीटा...फिर रस्सी से बांधा, दोनों मांगते रहे माफी, पढ़ें पूरा मामला
बारासगवर थाना क्षेत्र में रंगेहाथ पकड़े गए प्रेमी युगल को ग्रामीणों ने तालिबानी सजा दी। दोनों को जमकर पीटने के बाद रस्सी से बांधा और सार्वजनिक आपमान किया। दोनों पक्षों ने कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
विस्तार
उन्नाव जिले के बारासगवर थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेमिका के बुलाने पर उसके घर गए प्रेमी को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। दोनों को एक दूसरे से बांधने के बाद जमकर पीटा। इस दौरान किसी ने प्रेमी युगल को दी जा रही तालिबानी सजा का वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
प्रेमी युगल बचाव के लिए मिन्नतें करता रहा, लेकिन पिटाई करने वालों का दिल नहीं पसीजा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह ग्रामीणों से दोनों को छुड़ाया। गंभीर हालत में युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों पक्षों ने थाने में तहरीर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, बारासगवर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी विवाहिता का कर्मी गांव निवासी अविवाहित युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। गुरुवार रात महिला के बुलाने पर युवक उसके घर पहुंच गया। इसकी भनक मोहल्ले वालों लगी, तो दोनों को पकड़ कर एक दूसरे से बांधकर जमकर पीटा।
हाथ जोड़कर मांगी माफी, फिर भी नहीं पसीजा दिल
प्रेमी ग्रामीणों से हाथ जोड़कर माफी मांगता रहा, लेकिन उनका दिल नहीं पसीजा। इस दौरान किसी ने तालिबानी सजा का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। घटना की जानकारी युवक के परिजन बारासगवर थाने पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
घटना का वीडियो भी हुआ वायरल
परिजनों ने महुआखेड़ा गांव निवासी चार युवकों के खिलाफ तहरीर दी है। बताया जा रहा है महिला का पति तेलंगाना हैदराबाद में काम करता है। एसओ राजपाल ने बताया कि मारपीट हुई है। वीडियो भी वायरल हुए हैं। मामले की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।