कानपुर में स्वाइन फ्लू: अगस्त से अब तक मिले 32 मरीज, 79 वर्षीय बुजुर्ग मेदांता लखनऊ में भर्ती, हालत गंभीर
Kanpur News: कानपुर शहर में स्वाइन फ्लू का प्रकोप लगातार गहराता जा रहा है। अगस्त माह से अब तक कुल 32 मरीज सामने आ चुके हैं। रविवार को 79 वर्षीय बुजुर्ग में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विस्तार
कानपुर में स्वाइन फ्लू का प्रकोप तेजी से पैर पसार रहा है। अगस्त महीने से लेकर अब तक शहर में स्वाइन फ्लू के कुल 32 मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जिससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। रविवार को स्वाइन फ्लू का एक और नया मामला सामने आया, जिसमें 79 वर्षीय एक बुजुर्ग मरीज में संक्रमण की पुष्टि हुई है। मरीज की हालत गंभीर है।
उन्हें लखनऊ स्थित मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। यहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम की निगरानी में उनका गहन इलाज चल रहा है। नोडल अधिकारी डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि बदलते मौसम और वातावरण में नमी के कारण वायरल संक्रमण का प्रसार बढ़ा है। बुजुर्गों, बच्चों और पहले से किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित लोगों में इसका खतरा सबसे ज्यादा देखा जा रहा है।
लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टरी सलाह लें
स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी प्रमुख अस्पतालों को अलर्ट पर रखा है। संदिग्ध लक्षणों वाले मरीजों की त्वरित जांच के निर्देश दिए हैं। तेज बुखार, लगातार खांसी, गले में खराश, बदन दर्द और सांस फूलने जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टरी सलाह लें। भीड़भाड़ वाले स्थानों, अस्पतालों और सार्वजनिक परिवहन में मास्क जरूर पहनें। हाथों को बार-बार साबुन और पानी से धोएं या अल्कोहल युक्त सैनिटाइजर का उपयोग करें।
स्वयं को घर पर अलग रखें
फ्लू के लक्षण महसूस होने पर स्वयं को घर पर अलग रखें, ताकि संक्रमण परिवार के अन्य सदस्यों तक न पहुंचे। स्वास्थ्य प्रशासन ने नागरिकों से पैनिक न करने और किसी भी प्रकार के लक्षण मिलने पर तुरंत नजदीकी सरकारी या अधिकृत स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करने की अपील की है।