औरैया: कानपुर-इटावा हाईवे पर बच्चों से भरी बस में तोड़फोड़, मासूमों में मची चीख-पुकार
Auraiya News: कानपुर-इटावा हाईवे पर अमावता गांव के पास शुक्रवार सुबह बाइक सवार दो युवकों ने बच्चों से भरी स्कूली बस को जबरन रोककर तोड़फोड़ कर दी। आरोपियों ने चालक के साथ गाली-गलौज करने के बाद बस में घुसकर बच्चों को डराया-धमकाया और बस के शीशे तोड़ दिए
विस्तार
घटना से बस में बैठे 20 से 25 बच्चों में चीख-पुकार मच गई। हालांकि, तोड़फोड़ में किसी बच्चे के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। कस्बे के बाहर स्थित कान्हा इंटरनेशनल एकेडमी की बस शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे 20 से 25 बच्चों को लेकर गांव अमावता की ओर से गुजर रही थी। बस जैसे ही जनसहयोगी इंटर कॉलेज के सामने पहुंची, बाइक सवार दो युवकों ने उसे रोक लिया।
चालक से विवाद के बाद बस में घुसे आरोपी
आरोप है कि दोनों युवकों ने बस रुकवाने के बाद चालक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। चालक ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। इसके बाद दोनों युवक बस के अंदर घुस गए और तोड़फोड़ शुरू कर दी। आरोपियों ने बस के शीशे तोड़ दिए। अचानक बस में घुसे युवकों और तोड़फोड़ की घटना से बच्चे सहम गए। बस के अंदर चीख-पुकार मच गई। बच्चों में डर का माहौल बन गया। हालांकि, घटना के दौरान किसी बच्चे को चोट नहीं आई।
घटना के बाद भाग निकले आरोपी
बस में तोड़फोड़ करने के बाद दोनों आरोपी मौके से भाग निकले। घटना की जानकारी मिलने पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अनीश शुक्ला ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू की।कोतवाल विनोद कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।