Unnao: ट्रेन गेट पर बैठा था युवक, झपकी आने से गिरा, कट गए हाथ और पैर, तड़प-तड़प कर हुई मौत
लखनऊ-कानपुर रेलमार्ग पर लोकनगर क्रासिंग के पास रेल से गिरकर युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक ट्रेन के गेट पर बैठा था और झपकी आने से गिर गया।
विस्तार
उन्नाव जिले के सफीपुर में लखनऊ-कानपुर रेलमार्ग पर लोकनगर क्रासिंग के पास एलकेएम के गेट पर बैठा युवक झपकी आने से गिर गया। उसके हाथ और दोनों पैर कट गए और मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराया है।
सफीपुर कोतावली क्षेत्र के सकहन राजपूतान निवासी बृजेश सिंह (22) मजदूरी करने शहर व कानपुर जाता रहता था। शुक्रवार को वह कानपुर जाने की बात कहकर घर से निकला था। एलकेएम ट्रेन में गेट के पास बैठकर कानपुर जाते समय लखनऊ-कानपुर रेलमार्ग पर लोकनगर रेलवे क्रासिंग के पास झपकी आने से उसका हाथ छूट गया।
इससे वह ट्रैक पर गिर गया और उसके हाथ और पैर कट गए। स्टेशन मास्टर अर्जुन सिंह के मेमो पर सिविल लाइन चौकी इंचार्ज जेपी यादव मौके पर पहुंचे तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। उन्होंने जेब से मिले मोबाइल व अन्य कागजात से माध्यम से परिजनों को सूचना दी।
इकौलते बेटे की मौत से मां रीता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। मां ने बताया कि बेटा शराब का लती था। अभी उसका विवाह नहीं हुआ था। काम की तलाश पर जाने की बात कहकर निकला था। पिता राजेश सिंह खेती करते हैं।
बता दें कि कई दिनों से गांव के ही दोस्तों के साथ कानपुर में एक चाय की दुकान खोलने की तैयारी कर रहा था। चौकी इंचार्ज जेपी यादव ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।