Orai: पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश को गोली…तीन ने किया सरेंडर, 15 क्विंटल चोरी का सरिया बरामद, जांच शुरू
Orai News: उरई में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश को पैर में गोली लगी, जबकि तीन ने सरेंडर कर दिया। पुलिस ने उनके पास से चोरी का 15 क्विंटल सरिया और एक ट्रक बरामद किया है।
विस्तार
उरई में कालपी कोतवाली क्षेत्र के बरदौली तिराहे पर सोमवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश को पैर में गोली लग गई, जबकि उसके तीन साथियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों के पास से एक ट्रक और 15 क्विंटल चोरी का सरिया बरामद किया है। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार वर्मा, सीओ कालपी और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
एसपी ने बताया कि सोमवार देर रात कोतवाली पुलिस व एसओजी टीम को इन्फॉर्मेशन मिली थी कि कुछ बदमाश ट्रक में इलाके से चोरी किया गया सरिया बेचने जा रहे हैं। इस पर पुलिस ने इटोरा की तरफ जा रहे ट्रक को रोकने की कोशिश की, तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में उन्नाव जिले के अचलगंज थाना क्षेत्र के बाबू खेड़ा निवासी कल्लू उर्फ मुन्ना को पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। वहीं, उन्नाव निवासी सुनील लोधी, ओमप्रकाश लोधी और संतोष लोधी ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।
पुलिस ने ये सामान किया बरामद
पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि वे कानपुर, उन्नाव, कन्नौज, कुशीनगर, गोंडा, महोबा और आसपास के जिलों में निर्माणाधीन पेट्रोल पंप, बिल्डिंग और मकानों की रेकी करते थे। रात में मौका पाकर वे सरिया और लोहे का सामान ट्रक में चोरी करके उन्नाव में बेच देते थे। एसपी ने बताया कि कल्लू उर्फ मुन्ना के खिलाफ पहले से सात, सुनील के खिलाफ चार, संतोष के खिलाफ सात और ओमप्रकाश लोधी के खिलाफ छह मामले दर्ज हैं। बदमाशों के पास से तमंचे, कारतूस, एक ट्रक और सरिया बरामद हुआ है।