महोबा में बारिश का कहर: पक्का मकान ढहने से बुजुर्ग दंपती की मौत, पांच वर्षीय नातिन घायल, बाल-बाल बचा बेटा-बहू
Mahoba News: श्रीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिजहरी गांव में मंगलवार रात मूसलाधार बारिश के दौरान एक पक्का मकान अचानक ढह गया। इस भीषण हादसे में मलबे के नीचे दबकर बुजुर्ग दंपती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पांच वर्षीय नातिन मामूली रूप से घायल हो गई।
विस्तार
महोबा जिले में मंगलवार रात हुई मूसलाधार बारिश के दौरान श्रीनगर थाना क्षेत्र के सिजहरी गांव में पक्का मकान भरभराकर ढह गया। मलबे में दबकर बुजुर्ग दंपती की मौत हो गई, जबकि उनकी पांच वर्षीय नातिन घायल हो गई। हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से राहत कार्य शुरू कराया। सिजहरी गांव निवासी चतुर्भुज (70) अपनी पत्नी मन्नी देवी (68) के साथ मकान के एक हिस्से में सो रहे थे। मंगलवार रात करीब सात घंटे तक हुई तेज बारिश के बाद अचानक मकान भरभराकर गिर गया। मलबे में दबने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मासूम बच्ची को मामूली चोटें आईं
मकान के दूसरे हिस्से में चतुर्भुज का बेटा, बहू और पांच वर्षीय नातिन सो रहे थे। मकान का हिस्सा गिरने के दौरान परिवार के अन्य सदस्य बाल-बाल बच गए। हालांकि मलबे की चपेट में आने से मासूम बच्ची को मामूली चोटें आईं। मकान गिरने की आवाज और परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
जेसीबी और एंबुलेंस भी काफी देर तक फंसी रही
ग्रामीणों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। लगातार बारिश से गांव में जगह-जगह जलभराव होने और नाले उफनाने के कारण राहत कार्य में भी परेशानी हुई। घटनास्थल तक पहुंचने के लिए बुलाई गई जेसीबी और एंबुलेंस भी काफी देर तक रास्ते में फंसी रही। ग्रामीणों ने अपने स्तर से मलबा हटाकर बचाव कार्य शुरू किया।